नई दिल्ली के फ़िरोज़ शाह रोड स्थित रशियन सेंटर ऑफ़ साइंस एंड कल्चर में आज अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के उपलक्ष्य में एक भव्य सांस्कृतिक एवं साहित्यिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। राजस्थानी अकादमी और रशियन सेंटर ऑफ़ साइंस एंड कल्चर के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस गरिमामय समारोह में ’35वां कवयित्री सम्मेलन 2026′ और ’13वां नारी गौरव सम्मान 2026′ का सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन के साथ हुई, जिसके बाद देश की प्रतिष्ठित कवयित्रियों ने अपनी कविताओं के माध्यम से स्त्री शक्ति, समकालीन सामाजिक विषयों और मानवीय संवेदनाओं को बड़े ही मार्मिक ढंग से प्रस्तुत किया। इस अवसर पर विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाली महिलाओं को ‘नारी गौरव सम्मान’ से अलंकृत किया गया, जो समाज के प्रति उनके समर्पण और संघर्ष की कहानी को सम्मानित करने का एक प्रयास है।
राजस्थानी अकादमी के अध्यक्ष डॉ. गौरव गुप्ता ने अपने संबोधन में कहा कि यह आयोजन महिलाओं की रचनात्मकता और उनकी अद्वितीय उपलब्धियों को समर्पित है। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि ऐसे मंच न केवल साहित्य को बढ़ावा देते हैं, बल्कि सांस्कृतिक आदान-प्रदान को भी सुदृढ़ करते हैं। अकादमी की सचिव सुमन माहेश्वरी ने सभी अतिथियों और प्रतिभागियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि नारी की गरिमा और उसकी बौद्धिक क्षमता का उत्सव मनाना ही इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य है। कार्यक्रम में कला, साहित्य और समाजसेवा से जुड़ी कई गणमान्य विभूतियों ने शिरकत की। कार्यक्रम के अंत में ब्रिक्स+ कल्चरल फेस्टिवल के सहयोग और रशियन हाउस की सहभागिता की सराहना की गई। आइए देखते हैं टोटल ख़बरें के विशेष संवाददाता राजेश खन्ना कि इस रिपोर्ट में।
2026-03-16


