नई दिल्ली: राजधानी के हृदयस्थल कनॉट प्लेस (CP) में सोमवार को देशभक्ति, राष्ट्रीय गौरव और सामूहिक एकता का एक भव्य व प्रेरणादायी दृश्य देखने को मिला। ‘हर घर तिरंगा–2026’ अभियान के अंतर्गत नई दिल्ली नगरपालिका परिषद (NDMC) द्वारा आयोजित विशाल ‘तिरंगा यात्रा’ को दिल्ली की मुख्यमंत्री श्रीमती रेखा गुप्ता ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस यात्रा में 6,000 से अधिक स्कूली विद्यार्थियों, शिक्षकों, अभिभावकों, एनडीएमसी कर्मियों, व्यापारियों और स्थानीय नागरिकों ने हाथों में तिरंगा थामकर पूरे उत्साह के साथ भाग लिया।
‘विकसित भारत के निर्माण के संकल्प की यात्रा’
जनपथ रेडियल (इनर सर्कल) से शुरू हुई इस यात्रा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा, “हाथों में तिरंगा लेकर चलना केवल एक यात्रा नहीं, बल्कि राष्ट्र के प्रति प्रेम, गौरव और देशभक्ति की सामूहिक अभिव्यक्ति है। यह तिरंगा यात्रा 2047 तक ‘विकसित भारत’ के निर्माण के संकल्प की यात्रा है।”
मुख्यमंत्री ने इस बात पर जोर दिया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘हर घर तिरंगा, हर मन तिरंगा’ के आह्वान से आज देश का हर नागरिक ‘विकसित भारत @2047’ के लक्ष्य से जुड़ रहा है। उन्होंने कहा कि भारत का समग्र विकास केवल सरकारी प्रयासों से संभव नहीं है, बल्कि इसके लिए प्रत्येक नागरिक की सहभागिता जरूरी है।
तकनीकी और औद्योगिक प्रगति का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), मैन्युफैक्चरिंग, इनोवेशन और सॉफ्ट स्किल्स जैसे क्षेत्रों में भारत वैश्विक नेतृत्व करने की क्षमता रखता है। उन्होंने युवाओं और बच्चों को राष्ट्र की प्रगति का मुख्य आधार बताया।
कनॉट प्लेस में गूंजे देशभक्ति के जयकारे
एनडीएमसी के उपाध्यक्ष कुलजीत सिंह चहल ने बताया कि प्रधानमंत्री के विजन को आगे बढ़ाते हुए यह यात्रा आयोजित की गई है। हाथों में तिरंगा लिए जब प्रतिभागियों ने कनॉट प्लेस के इनर सर्कल का पूरा चक्कर लगाया, तो पूरा इलाका देशभक्ति के नारों और राष्ट्रीय चेतना की ऊर्जा से गूंज उठा।
श्री चहल ने कहा कि एनडीएमसी स्कूलों के छात्रों की व्यापक भागीदारी ने युवा पीढ़ी में नागरिक चेतना, देशभक्ति और जिम्मेदार नागरिकता के मूल्यों को और मजबूत किया है। यह आयोजन विभिन्न वर्गों को एक साझा मंच पर लाने का प्रतीक बना।
प्रमुख हस्तियों की रही उपस्थिति
इस भव्य आयोजन में मुख्यमंत्री के साथ एनडीएमसी के अध्यक्ष मनोज कुमार द्विवेदी, उपाध्यक्ष कुलजीत सिंह चहल, परिषद सदस्य दिनेश प्रताप सिंह, अनिल वाल्मीकि, सरिता तोमर तथा सचिव राहुल सिंह सहित कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। इसके अलावा रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन (RWA) और मार्केट ट्रेडर्स एसोसिएशन (MTA) के प्रतिनिधियों ने भी अपनी भागीदारी दर्ज कराई।
कार्यक्रम का समापन नागरिकों से ‘हर घर तिरंगा’ अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने और अपने घरों पर गर्व से राष्ट्रीय ध्वज फहराने के आह्वान के साथ हुआ।








