A T M मशीन से पैसे निकालते वक़्त कई बार मदद के नाम पर धोखाधड़ी कर एटीएम कार्ड बदलकर आपके खाते से पैसा उड़ा लेते थे। लेकिन इस बार A T M से पैसे निकालने का एक अनोखा तरीक़ा इस्तेमाल करने वाले 2 ठगों को पुलिस ने गिरफ्तार किया। मध्य जिला के स्पेशल स्टाफ ने A T M में अनोखी ठगी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए 2 शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों की पहचान अमन (22) निवासी एटा, उत्तर प्रदेश और सूरज सिंह (28) निवासी आजमगढ़, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है। इनके कब्जे से 1 अवैध देसी कट्टा, 5 जिंदा कारतूस और वारदात में इस्तेमाल की जा रही एक बजाज पल्सर N160 मोटरसाइकिल बरामद की गई है।
जानकारी के अनुसार 15 सितम्बर को स्पेशल स्टाफ, सेंट्रल डिस्ट्रिक्ट को गुप्त सूचना मिली कि ए टी एम टैम्परिंग और ठगी में शामिल अमन और सूरज अपनी पल्सर मोटरसाइकिल पर मिरदर्द वाली गली, टैगोर रोड, सिविक सेंटर के पीछे आने वाले हैं। सूचना पर इंस्पेक्टर संदीप यादव, प्रभारी स्पेशल स्टाफ के नेतृत्व में SI विजय, SI सतीश, SI नरेश, HC मनीष, HC मुनेश, HC मोहित, HC विकास सहित पूरी टीम का गठन किया गया, जिसकी निगरानी ACP ऑपरेशन्स पदम सिंह राणा द्वारा की गई। पुलिस टीम ने एमसीडी बिल्डिंग के पीछे रिलायंस बिल्डिंग के सामने जाल बिछाया। रात करीब 11:20 बजे गांधी मार्केट की तरफ से आ रही बाइक पर दो संदिग्ध युवक आते दिखे, मुखबिर ने उनकी पहचान की। पुलिस को देखकर दोनों भागने लगे, लेकिन थोड़ी पीछा करने के बाद दोनों को दबोच लिया गया। पूछताछ में आरोपियों ने बेहद शातिर और अनोखा तरीका बताया। दोनों आरोपी पहले हिताची कंपनी में एटीएम में कैश डालने और निकालने वाले कस्टोडियन का काम कर चुके थे। वहीं नौकरी के दौरान उन्हें एटीएम मशीनों की कार्यप्रणाली और उसकी खामियों का पता चला।
ये लोग सुनसान समय पर, खासकर शनिवार रविवार को जब एटीएम पर गार्ड नहीं होता, उस एटीएम को निशाना बनाते थे। अपने पुराने साथी से ली गई चाबी से ये एटीएम मशीन खोलते थे और कैश निकलने वाली ट्रे , मैकेनिज्म में रबर की रिंग लगा कर जाम कर देते थे।
इसके बाद जब कोई आम ग्राहक पैसे निकालने आता था, तो उसका ट्रांजेक्शन तो सफल हो जाता था, लेकिन रबर रिंग की वजह से कैश बाहर नहीं निकलता था और मशीन के अंदर ही फंस कर रह जाता था। ग्राहक यह सोचकर कि पैसा नहीं निकला, वहां से चला जाता था। ग्राहक के जाते ही ये आरोपी वापस आकर चाबी से मशीन खोलते और अंदर फंसा हुआ कैश निकाल कर फरार हो जाते थे। देखते है टोटल ख़बरें के वरिष्ठ संवाददाता राजेश खन्ना की रिपोर्ट
बताया जाता है कि आरोपियों ने पहले गुरुग्राम के सेक्टर 4 5 में एक्सिस बैंक के एटीएम और दिल्ली के कापसहेड़ा में आईसीआईसीआई बैंक के एटीएम में इसी तरह 19 से 20 वारदातों को अंजाम दिया है। पुलिस अब संबंधित थानों से संपर्क कर अन्य एफआईआर के बारे में पता लगा रही है। बहरहाल पुलिस ने आरोपितों के क़ब्ज़े से एक अवैध देसी कट्टा, 5 जिंदा कारतूस
एक बजाज पल्सर N160 मोटरसाइकिल
बरामद की हैं। पुलिस फरार तीसरे आरोपी की तलाश कर रही है। पुलिस मामले की जाँच में जुट गई है। टोटल ख़बरें दिल्ली से राजेश खन्ना की रिपोर्ट।

