नई दिल्ली। भारतीय व्यापार संवर्धन संगठन (India Trade Promotion Organisation – ITPO) ने आज, 12 नवंबर 2026 को भारत मंडपम, नई दिल्ली में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस का आयोजन किया। इस प्रेस कॉन्फ्रेंस में ITPO के अध्यक्ष श्री जावेद अशरफ ने 45वें भारतीय अंतर्राष्ट्रीय व्यापार मेला (IITF 2026) की तैयारियों, प्रमुख आकर्षणों और इस वर्ष के आयोजन की विशेषताओं की विस्तृत जानकारी दी।
इस वर्ष का मेला 14 नवंबर से 27 नवंबर 2026 तक भारत मंडपम में आयोजित किया जाएगा। मेले की थीम ‘विकास और विरासत’ रखी गई है, जो विकसित भारत 2047 के लक्ष्य की ओर भारत की यात्रा को दर्शाती है, साथ ही भारत की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को भी संरक्षित करने के संकल्प को प्रस्तुत करती है।
उद्घाटन 13 नवंबर की शाम को:
प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया गया कि इस बार उद्घाटन समारोह 13 नवंबर की शाम को भारत मंडपम कन्वेंशन सेंटर में आयोजित किया जाएगा। केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री श्री पीयूष गोयल मेले का उद्घाटन करेंगे। समारोह में पद्म श्री पुरस्कार से सम्मानित प्रख्यात ओडिसी नृत्यांगना गुरु माधवी मुद्गल और उनके समूह द्वारा एक घंटे की विशेष ओडिसी प्रस्तुति दी जाएगी।
ITPO अध्यक्ष ने बताया कि पहले उद्घाटन 14 नवंबर की सुबह होता था, जिससे स्टॉल की तैयारी और वीआईपी आगमन में दिक्कत होती थी। इस बार शाम को उद्घाटन होने से 14 नवंबर की सुबह से ही व्यापारिक गतिविधियां निर्बाध रूप से शुरू हो सकेंगी और मुख्यमंत्री भी अपने-अपने राज्य मंडपों का उद्घाटन कर सकेंगे।
अब तक का सबसे बड़ा मेला:
IITF 2026 अब तक का सबसे बड़ा संस्करण होगा। इस बार 17 हॉलों में 1,00,000 वर्ग मीटर से अधिक प्रदर्शनी क्षेत्र में 3,500 से अधिक प्रदर्शक भाग ले रहे हैं।
इसमें 11 देश – चीन, ईरान, तुर्की, बांग्लादेश सहित अन्य देशों के प्रदर्शक, 32 राज्य और केंद्र शासित प्रदेश, केंद्र सरकार के मंत्रालय, सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रम, MSME, स्टार्टअप और निजी कंपनियां शामिल होंगी।
बिजनेस डेज और आम जनता के लिए दिन:
—14 से 18 नवंबर तक बिजनेस डेज होंगे, जो केवल B2B आगंतुकों और व्यापारिक बैठकों के लिए आरक्षित रहेंगे।
–19 से 27 नवंबर तक मेला आम जनता, परिवारों और सांस्कृतिक आगंतुकों के लिए खुला रहेगा।
पिछले संस्करण में 18 लाख से अधिक लोग आए थे। इस बार फुटफॉल के उससे भी अधिक होने की उम्मीद है।
युवाओं और स्टार्टअप पर विशेष फोकस:
इस बार युवाओं पर विशेष ध्यान दिया गया है। हॉल ऑफ इंस्पिरेशन में लगभग 600 स्टार्टअप अपने नवाचार, उत्पाद और आइडिया प्रदर्शित करेंगे।
ODOP (एक जिला एक उत्पाद) पवेलियन में देश के विभिन्न जिलों के शिल्प, व्यंजन और संस्कृति की झलक देखने को मिलेगी। यह स्थानीय कारीगरों और उद्यमियों को राष्ट्रीय मंच प्रदान करेगा।
टिकट और सुविधाएं:
प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया गया कि आम दिनों (19-27 नवंबर) के लिए वयस्कों के टिकट की कीमत 100 रुपये रखी गई है। पांच साल बाद टिकट में मामूली बढ़ोतरी की गई है। टिकट ITPO की वेबसाइट और मोबाइल ऐप के साथ-साथ लगभग 50 मेट्रो स्टेशनों पर भी उपलब्ध होंगे।
आगंतुकों की सुविधा के लिए 90 फूड आउटलेट्स की व्यवस्था की गई है, जहां स्वच्छ और विविध भारतीय व अंतर्राष्ट्रीय व्यंजन मिलेंगे। स्वच्छता, सुरक्षा, पार्किंग और दिव्यांगजनों के लिए विशेष सुविधाओं पर भी विशेष ध्यान दिया गया है।
अंत में ITPO अध्यक्ष श्री जावेद अशरफ ने कहा कि IITF 2026 सिर्फ एक मेला नहीं, बल्कि भारत की प्रगति, विविधता और विरासत का उत्सव है। ITPO अपने मूल जनादेश को मजबूत करते हुए JETRO (जापान) और KOTRA (कोरिया) जैसे विश्वस्तरीय व्यापार संवर्धन संगठनों की तर्ज पर काम कर रहा है, ताकि भारतीय व्यापार को वैश्विक मंच पर और मजबूत पहचान मिल सके।






