दिल्ली पुलिस के पश्चिमी जिले की साइबर टीम ने साइबर ठगी के खिलाफ अब तक की सबसे बड़ी अंतरराज्यीय कार्रवाई को अंजाम दिया है। पुलिस ने झारखंड के जामताड़ा सहित 4 राज्यों में 5 दिन तक चले ऑपरेशन में 22 साइबर ठगों को गिरफ्तार किया है। ये आरोपी देशभर में 22,139 लोगों से 20 करोड़ रुपये से अधिक की ठगी में शामिल बताए जा रहे हैं।
यह कार्रवाई डीसीपी पश्चिमी जिला हरेश्वर वी. स्वामी के मार्गदर्शन में, एसीपी राजेश कुमार के समग्र पर्यवेक्षण में और एसएचओ साइबर के नेतृत्व में की गई। इस ऑपरेशन के लिए 64 पुलिसकर्मियों की 7 विशेष टीमें बनाई गई थीं, जिन्होंने 11 नवंबर से 15 नवंबर के बीच झारखंड, उत्तर प्रदेश, बिहार और पश्चिम बंगाल में एक साथ छापेमारी की।
पुलिस टीमों ने झारखंड के बिराजपुर, करमाटार, सरवन, नारायणपुर, सरथ, फतेहपुर और नालंदा सहित करीब 17 ठिकानों पर छापा मारा। इसके अलावा देवघर, गिरिडीह, नवादा, जमुई, पश्चिम बंगाल और गोरखपुर में भी कार्रवाई की गई। यह पूरा ऑपरेशन झारखंड और बिहार पुलिस के साथ करीबी समन्वय में किया गया।
गिरफ्तार किए गए 22 आरोपी 11 अलग अलग साइबर ठगी ग्रुपों से जुड़े बताए जा रहे हैं। इनमें APK फाइल बनाने वाले डेवलपर, डिस्ट्रीब्यूटर और सब-डिस्ट्रीब्यूटर भी शामिल हैं। पुलिस ने इस नेटवर्क के डेवलपर, वितरक और प्रचारक की पूरी चेन का पता लगाया है।
जांच में पता चला कि ठग सोशल मीडिया और मैसेजिंग ऐप के जरिए लोगों को झांसा देते थे। वे बैंक अधिकारी बनकर फोन करते थे और लाइफ सर्टिफिकेट वेरिफिकेशन, K Y C अपडेट, क्रेडिट कार्ड जारी करने, B S E S और I G L कनेक्शन, क्रेडिट लिमिट बढ़ाने के नाम पर मदद का झांसा देते थे।
इसके बाद पीड़ित के फोन में एक फर्जी APK फाइल डाउनलोड करा दी जाती थी। जैसे ही पीड़ित उस फाइल को खोलता था, उसका फोन ठगों के कंट्रोल में आ जाता था। इससे बैंक डिटेल, O T P और पर्सनल जानकारी चोरी कर ली जाती थी और खाते से पैसे निकाल लिए जाते थे।
पुलिस ने पिछले 3 महीनों में बैंक खाता टेकओवर और APK फाइल से जुड़ी 1000 से अधिक शिकायतों का विश्लेषण किया था। इसके बाद 1300 से अधिक APK से जुड़ी शिकायतों की जांच की गई और करीब 56 सोशल मीडिया प्रोफाइलों की फोरेंसिक जांच की गई।
बहरहाल पुलिस ने इस ऑपरेशन के दौरान पुलिस ने 63 मोबाइल फोन, 2 लैपटॉप और अन्य गैजेट्स बरामद किए, जिनका इस्तेमाल APK पैनल फाइलों के लिए किया जा रहा था।
इस सिंडिकेट से जुड़ी कुल 2,080 शिकायतें सीधे तौर पर नेशनल साइबर क्राइम रिपोर्टिंग पोर्टल (NCRP) पर दर्ज हैं। देशभर में 22,139 पीड़ितों के साथ 20 करोड़ रुपये से अधिक की ठगी का अनुमान है।
जांच में सामने आया कि ठगों का मुख्य निशाना वरिष्ठ नागरिक थे। उन्हें बैंक अधिकारी बनकर भरोसा दिलाया जाता था। बुजुर्गों को तकनीकी जानकारी कम होने का फायदा उठाकर उन्हें APK फाइल डाउनलोड करने के लिए मजबूर किया जाता था।
सभी आरोपियों को साइबर वेस्ट थाने में दर्ज दो मामलों में भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत गिरफ्तार किया गया है। टोटल खबरे दिल्ली से राजेश खन्ना की रिपोर्ट।




