Listen to this article

रोहिणी जिले के थाना विजय विहार की पुलिस टीम ने एक संगठित साइबर ठगी गिरोह का पर्दाफाश करते हुए रमेश नगर मेट्रो स्टेशन के पास चल रहे एक अवैध लोन फ्रॉड कॉल सेंटर पर छापा मारकर 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों के नाम

  1. कृष्मा (उम्र 32 वर्ष), निवासी शाहदरा, दिल्ली। यह कॉल सेंटर में टीम लीडर है ।
  2. जतिन (उम्र 24 वर्ष), निवासी रघुवीर नगर, दिल्ली। यह कॉल सेंटर का मैनेजर है।
  3. नीरज (उम्र 39 वर्ष), निवासी उत्तम नगर, दिल्ली। यह टेली कॉलर के रूप में काम करता है।
  4. आकाश (उम्र 28 वर्ष), निवासी द्वारका, दिल्ली। यह टेली कॉलर के रूप में काम करता है।
  5. सन्नी (उम्र 34 वर्ष), निवासी विकास नगर, दिल्ली। यह टेली कॉलर के रूप में काम करता है।
  6. दया प्रसाद (उम्र 34 वर्ष), निवासी वजीरपुर, दिल्ली। यह टेली कॉलर के रूप में काम करता है।
    जानकारी के अनुसार शिकायतकर्ता विकास, निवासी फेज 2, विजय विहार, दिल्ली को एक कॉल आया। कॉल करने वाले ने खुद को बजाज कैपिटल फाइनेंस का अधिकारी बताया। उसने विकास को बताया कि उनका 20 लाख रुपये का लोन बहुत ही कम / शून्य ब्याज दर पर अप्रूव हो गया है।
    आरोपियों ने विकास का विश्वास जीतने के लिए उसे फर्जी लोन अप्रूवल की बातें बताई और कई बार कॉल किया। इसके बाद लोन की फाइल आगे बढ़ाने के बहाने पहले प्रोसेसिंग फीस, फिर इंश्योरेंस चार्ज, फिर जीएसटी और फाइल चार्ज के नाम पर अलग अलग किस्तों में करीब 10 लाख 15 हज़ार रुपये ठग लिए।
    पैसे मिलते ही आरोपियों ने अपना फोन बंद कर दिया और विकास से सारा संपर्क तोड़ लिया। ठगी का अहसास होने पर विकास ने थाना विजय विहार में शिकायत दी, जिसके आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस को पता चला कि कॉल रमेश नगर मेट्रो स्टेशन के पास एक बिल्डिंग से किए जा रहे हैं।
    17 नवम्बर को टीम ने सुनियोजित तरीके से उक्त बिल्डिंग पर छापा मारा। छापे के दौरान वहां एक पूरा कॉल सेंटर चलता हुआ मिला। मौके से 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।

जांच में पता चला कि इस कॉल सेंटर में एक पूरा पदानुक्रम था। सबसे ऊपर मैनेजर और टीम लीडर होते थे, जो टेली कॉलरों को रोज का टारगेट देते थे। टेली कॉलर पहले से लिखी हुई स्क्रिप्ट को पढ़कर लोगों को कॉल करते थे।
स्क्रिप्ट में लिखा था कि कैसे बात करनी है, कैसे विश्वास दिलाना है और कैसे धीरे धीरे पैसे मांगने हैं। टेली कॉलर लोगों को आकर्षक ब्याज दर, बिना गारंटी लोन और तुरंत लोन का लालच देते थे। जो व्यक्ति झांसे में आ जाता, उसे टीम लीडर को ट्रांसफर कर दिया जाता था, जो आगे की ठगी को अंजाम देता था।

बहरहाल पुलिस ने आरोपियों के क़ब्ज़े से छापे के दौरान भारी मात्रा में
वायर्ड लैंडलाइन फोन
फिक्स्ड वायरलेस टर्मिनल
वाई फाई राउटर
कई मोबाइल फोन
पहले से लिखी गई फर्जी कॉलिंग स्क्रिप्ट वाले नोटपैड
कॉलिंग डेटा से जुड़े अन्य दस्तावेज सामान बरामद किया है। टोटल ख़बरें दिल्ली से राजेश खन्ना की रिपोर्ट।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *