दक्षिण पूर्व जिले के थाना हजरत निजामुद्दीन की पुलिस टीम ने संगठित अपराध के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए राशिद केबलवाला गैंग से जुड़ी एक बड़ी फायरिंग की साजिश को नाकाम किया है। पुलिस ने एक इंस्टाग्राम इन्फ्लुएंसर पर फायरिंग करने की योजना बना रहे 2 हथियारबंद आरोपियों और 1 नाबालिग को पकड़ा है। पकड़े गए आरोपियों का नाम साहिल इदरीशी (20 वर्ष) पुत्र शमशेर इदरीशी, नया मुस्तफाबाद, लोनी, गाजियाबाद, उत्तर प्रदेश का निवासी है
दूसरा आरोपी साद मलिक (22 वर्ष) पुत्र आस मोहम्मद, गांव निवाड़ी, मोदीनगर, लोनी निठौरा रोड, गाजियाबाद, उत्तर प्रदेश निवासी है।
तीसरा आरोपी नाबालिग है निवासी गाजियाबाद, उत्तर प्रदेश है। जानकारी के अनुसार
19 नवम्बर को सुबह करीब 5 बज कर 10 मिनट पर थाना हजरत निजामुद्दीन की पुलिस टीम को सूत्रों से सूचना मिली। सूचना पर कार्रवाई करते हुए पुलिस कर्मियों ने हजरत निजामुद्दीन बस्ती के शोले वाली गली के पास दो संदिग्ध युवकों को देखा।
बताया जाता हैं कि लगातार पूछताछ में आरोपियों ने हजरत निजामुद्दीन इलाके में रहने वाले एक इंस्टाग्राम इन्फ्लुएंसर पर फायरिंग करने की साजिश का खुलासा किया। आरोपियों ने राशिद केबलवाला गैंग नेटवर्क से जुड़े लोगों से अपने संबंध और हमले को अंजाम देने में अपनी भूमिका के बारे में बताया।
प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे एक अन्य साथी के माध्यम से राशिद केबलवाला के संपर्क में आए थे। इसके बाद पैसे, हथियार और आगे के निर्देशों को लेकर बातचीत हुई।
बताया जाता है कि राशिद केबलवाला ने बाद में एक एन्क्रिप्टेड एप्लिकेशन के माध्यम से उनसे संपर्क किया और कथित तौर पर हजरत निजामुद्दीन इलाके में रहने वाले इंस्टाग्राम इन्फ्लुएंसर पर फायरिंग करने का निर्देश दिया। आरोपियों को यह भी आश्वासन दिया गया था कि काम पूरा होने के बाद उन्हें आर्थिक मदद और आगे का सहयोग मिलेगा।
इसके अलावा इंस्टाग्राम इन्फ्लुएंसर की शिकायत पर राशिद केबलवाला अपराध सिंडिकेट के खिलाफ जबरन वसूली का एक मामला भी दर्ज किया गया है। आरोपियों के क़ब्ज़े से 5 सेमी-ऑटोमैटिक पिस्टल, 11 जिंदा कारतूस, 4 मोबाइल फोन, 1 चोरी की मोटरसाइकिल बरामद किया है। बहरहाल पुलिस अब कथित साजिश की पूरी चेन, राशिद केबलवाला गैंग नेटवर्क से संदिग्ध लिंक, बरामद हथियारों और कारतूसों के स्रोत और सप्लाई चेन तथा अन्य साथियों की भूमिका का पता लगाने में जुटी है। बरामद मोबाइल फोन और अन्य डिजिटल सबूतों की जांच की जा रही है। CCL, अन्य संदिग्ध साथियों और कथित गैंग हैंडलर की भूमिका की भी जांच की जा रही है। हमले के पीछे के मकसद और किसी भी बड़े आपराधिक नेटवर्क की पहचान के प्रयास जारी हैं। टोटल खबरे दिल्ली से राजेश खन्ना की रिपोर्ट ।



