दिल्ली नगर निगम के शाहदरा उत्तरी क्षेत्र द्वारा नेहरू नगर व न्यू सीलमपुर मार्केट में शिविरों का आयोजन

Listen to this article

ट्रेडर्स को सामान्य व्यापार लाइसेंस, भंडारण लाइसेंस या स्वास्थ्य व्यापार लाइसेंस प्राप्त करने में मदद के उद्देश्य से दिल्ली नगर निगम के शाहदरा उत्तरी क्षेत्र द्वारा 02 जनवरी से 07 जनवरी 2023 तक मार्किट एसोसिएशन के सहयोग से विशेष शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। इन शिविरों का आयोजन नेहरू मार्किट एसोसिएशन और न्यू सीलमपुर मार्किट एसोसिएशन, न्यू सीलमपुर में किया जा रहा है। लाइसेंस संबंधित अधिकारियों के साथ-साथ, संपत्ति कर विभाग के अधिकारी भी शिविर में उपस्थित रहेंगे ताकि यूपिक आईडी और संपत्ति कर से संबंधित अन्य शिकायतों का भी निवारण किया जा सके। शिविरों के दौरान एमसीडी अधिकारी नागरिकों को सिंगल यूज प्लास्टिक प्रतिबंध और स्वच्छता के महत्व के बारे में लोगों को जागरूक भी कर रहे हैं।

दिल्ली नगर निगम के शाहदरा उत्तरी क्षेत्र द्वारा पहले भी इस तरह के विशेष कैंप आयोजित किए जा चुके हैं। नेहरू मार्केट, न्यू सीलमपुर और शनि मार्केट, सुंदर नगरी में 26.12.2022 से 30.12.2022 के बीच आयोजित इन शिविरों के दौरान एमसीडी ने कुल 36 लाइसेंस जारी किए और 3.73 लाख रुपये का राजस्व अर्जित किया था। शाहदरा उत्तरी क्षेत्र द्वारा चालू वित्तीय वर्ष के दौरान 01 अप्रैल 2022 से 30 दिसंबर 2022 तक कुल 2454 ऑनलाइन जीटीएल जारी किए गए हैं, जिसमें इन शिविरों में लागू और जारी किए गए लाइसेंस भी शामिल हैं और 2.69 करोड़ रुपये का राजस्व एकत्र किया गया है।

दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) दिल्ली के पूर्ववर्ती तीन निगमों के एकीकरण के बाद अपने आय स्रोतों को बढ़ाने के लिए अथक प्रयास कर रहा है। इस दिशा में काम करते हुए एमसीडी ने नए सामान्य व्यापार लाइसेंस लेने और पुराने लाइसेंस के नवीनीकरण की पूरी प्रक्रिया को ऑनलाइन और पारदर्शी बना दिया है।

दिल्ली नगर निगम व्यापारियों से अनुरोध करता है कि वे शिविरों में सक्रिय रूप से भाग लें और जल्द से जल्द अपना लाइसेंस प्राप्त करें।

Print Friendly, PDF & Email

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *