उपराज्यपाल से पत्राचार विवाद करके मुख्यमंत्री ना तो दिल्ली नगर निगम में महापौर का और ना ही स्थाई समिति का चुनाव होने देना चाहते हैं – वीरेन्द्र सचदेवा

Listen to this article

दिल्ली भाजपा के कार्यकारी अध्यक्ष श्री वीरेन्द्र सचदेवा ने कहा है कि मुख्यमंत्री अरविन्द केजरीवाल द्वारा एल्डरमैन मुद्दे पर दिल्ली के उपराज्यपाल से लगातार किया जा रहा पत्राचार अब साफ दर्शा रहा है कि वह एक बार पुनः दिल्ली में बड़ा प्रशासनिक विवाद खड़ा करना चाह रहे हैं।

श्री सचदेवा ने कहा है कि मुख्यमंत्री लगातार तर्कहीन पत्र लिख रहे हैं और यह गंभीर विषय है कि वह दिल्ली नगर निगम एक्ट में संसद में पारित संशोधनों को भी स्वीकार करने को तैयार नहीं हैं। श्री सचदेवा ने कहा है कि संसद में 2022 में पारित संशोधन के बाद दिल्ली नगर निगम एक्ट में शब्द सरकार का मतलब अब केन्द्र सरकार है और उपराज्यपाल जिस तरह कानून व्यवस्था, जमीन एवं सेवायें इन तीन मुद्दों पर निर्णय के लिये अधिकृत हैं, उसी तरह अब वह दिल्ली नगर निगम के मामलों पर भी निर्णय लेने के लिये अधिकृत हैं।

श्री सचदेवा ने कहा है कि नगर निगम चुनाव से पहले मुख्यमंत्री 200 वार्ड से अधिक जीतने का दावा करते थे पर जब चुनाव का नतीजा आया तो उसमें उन्हें मामूली बहुमत मिला और साथ ही लगभग आधे निगम जोनों में या तो भाजपा का बहुमत आया है या दोनों दल लगभग बराबरी पर हैं। उपराज्यपाल से पत्राचार विवाद करके मुख्यमंत्री अब ना तो दिल्ली नगर निगम में महापौर का और ना ही स्थाई समिति का चुनाव होने देना चाहते हैं।

Print Friendly, PDF & Email

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *