- आज सुबह से भाजपा पूरी महरौली को उजाड़ने में लगी हुई है- दुर्गेश पाठक
- महरौली से कई वीडियो आ रहे हैं जिसमें लोग पुलिस और भाजपा के लोगों के आगे रो रहे हैं, गिड़गिड़ा रहे हैं- दुर्गेश पाठक
- हमारे विधायकों, नरेश यादव जी और सोमनाथ भारती जी ने बैठकर हल निकालने की बात कही तो उन्हें जेल में डाल दिया गया, हमारी पार्षद रेखा जी को भी डीटेन किया गया- दुर्गेश पाठक
- 1857 में हुई क्रांति के दौरान जिन भारतीयों ने क्रांतिकारियों का साथ दिया उनके घर तोड़े गए, उनको फांसी दी गई, आज भाजपा दिल्ली में वही दोहरा रही है- दुर्गेश पाठक
- आम आदमी पार्टी इसका विरोध करती है, चाहे कुछ हो जाए लेकिन हम एक भी झुग्गी टूटने नहीं देंगे- दुर्गेश पाठक
‘आप’ विधायक एवं एमसीडी प्रभारी दुर्गेश पाठक ने कहा कि भाजपा ने एमसीडी चुनाव में जहां झुग्गी वहां मकान का वादा किया था। अब झुग्गियों को तोड़कर जनता से चुनाव हारने का बदला ले रही है। आज सुबह से भाजपा पूरी महरौली को उजाड़ने में लगी हुई है। महरौली से कई वीडियो आ रहे हैं जिसमें लोग पुलिस और भाजपा के लोगों के आगे रो रहे हैं, गिड़गिड़ा रहे हैं। हमारे विधायकों, नरेश यादव जी और सोमनाथ भारती जी ने बैठकर हल निकालने की बात कही तो उन्हें जेल में डाल दिया गया। हमारी पार्षद रेखा जी को भी डीटेन किया गया। 1857 में हुई क्रांति के दौरान जिन भारतीयों ने क्रांतिकारियों का साथ दिया उनके घर तोड़े गए, उनको फांसी दी गई। आज भाजपा दिल्ली में वही दोहरा रही है। आम आदमी पार्टी इसका विरोध करती है। चाहे कुछ हो जाए लेकिन हम एक भी झुग्गी टूटने नहीं देंगे।
आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता, विधायक एवं एमसीडी प्रभारी दुर्गेश पाठक ने शुक्रवार को पार्टी मुख्यालय में एक महत्वपूर्ण प्रेसवार्ता को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा शायद दुनिया की पहली पार्टी होगी जो चुनाव से पहले जो वादा करती है, चुनाव के बाद ठीक उसका उल्टा करती है। आप सब लोगों ने, चाहे वह दिल्ली विधानसभा हो या वह एमसीडी का चुनाव रहा हो, पूरी दिल्ली में बड़े-बड़े बिलबोर्ड्स, होर्डिंग्स, पोस्टर लगे हुए हैं कि जहां झुग्गी वहां मकान देंगे। यह भी कहा कि 2 कमरों का मकान मिलेगा, किचन, टॉयलेट, पानी, बिजली आदि सुविधाएं होंगी। यह सब खुद प्रधानमंत्री जी ने बोली थीं।
उन्होंने कहा कि पूरी दिल्ली में जहां-जहां झुग्गियां हैं, जहां-जहां लोगों ने अपने घर बनाए हुए हैं, उसको उजाड़ने का काम चल रहा है। आज सुबह से भाजपा पूरी महरौली को उजाड़ने में लगी हुई है। आप लोग देख रहे होंगे, वहां से लोगों के वीडियो आ रहे हैं जिसमें लोग पुलिस और भाजपा के लोगों के आगे रो रहे हैं, गिड़गिड़ा रहे हैं। वहां पर हमारे दो विधायक नरेश यादव जी और सोमनाथ भारती जी को सुबह से ही पुलिस ने डीटेन किया हुआ है। वहां के जो पार्षद हैं, उन्हें भी डीटेन किया हुआ है।
दुर्गेश पाठक ने कहा कि सामान्य सी मांग थी कि आपने जो वादा किया है उसपर खरा उतरना है। आपने कहा था कि जहां पर झुग्गी है वहीं मकान देंगे तो फिर आज उनके मकान क्यों तोड़ रहे हैं। उनके घर गिराने में क्यों लगे हुए हैं, पूरी दिल्ली को उजाड़ने में लगे हुए हैं। आज महरौली से जो फुटेज आ रही है उसको देखकर मन रोता है कि किस तरह भाजपा चुनाव हारने के बाद लोगों से बदला ले रही है। अगर वह चुनाव जीत जाते तो कोई दिक्कत नहीं थी। आज दिल्ली के लोगों ने उन्हें चुनाव हरा दिया तो इसका मतलब यह नहीं है कि आप उनके घर तोड़ने लगोगे। पूरी महरौली में इस वक्त आग लगी हुई है। लोग बहुत ज्यादा परेशान हैं। वह रो बिलख रहे हैं, बच्चे महिलाएं परेशान हैं। और जब पब्लिक रिप्रेजेंटेटिव अपनी बात रखने की कोशिश करते हैं तो उनको जेल में डाल दिया जाता है। मुझे लगता है ऐसा तो अंग्रेजों के समय में होता था। पुलिस आपकी है तो क्या आप किसी को भी जेल में डाल देंगे?
नरेश यादव जी सिर्फ अपनी बात रखने की कोशिश कर रहे थे। हमारे मंत्री कह रहे हैं कि बैठकर कोई हल निकालते हैं लेकिन घरों को मत तोड़िए। उसके बाद भी नरेश यादव जी को जेल में डाल दिया गया। सोमनाथ भारती जी ने भी अपनी बात रखनी चाहिए तो उन्हें भी जेल में डाल दिया गया। हमारी पार्षद रेखा जी को भी जेल में डाल दिया गया। यह पूरा मामला डराने धमकाने का है कि तुम्हारे घरों को तोड़ देंगे। यदि आप भाजपा के साथ नहीं खड़े हुए तो तुम्हारी संपत्ति पर कब्जा कर लेंगे।
उन्होंने कहा कि जब 1857 में क्रांति हुई, जिन भारतीयों ने क्रांतिकारियों का साथ दिया था उनके घर तोड़े गए, उनको फांसी की सजा दी गई, उनको पेड़ों पर लटका दिया गया। आज भाजपा दिल्ली में वही दोहरा रही है। आज भाजपा दिल्ली के लोगों से बदला ले रही है कि उन्हें विधानसभा और एमसीडी क्यों नहीं जिताई गई। भाजपा इतना गिर चुकी है कि चुनाव हारने का बदला लोगों के घर गिराकर ले रही है। इन्होंने मादीपुर, पंजाबी बाग, तुगलकाबाद की झुग्गियों में भी इसी प्रकार के नोटिस लगाए हैं। पूरी दिल्ली में जहां-जहां अनाधिकृत कॉलोनियां और झुग्गियां हैं, उन्हें यह लोग तोड़ने की कोशिश कर रहे हैं। यह भाजपा का घटियापन है।
आपके मंत्री ट्वीट कर रहे हैं कि तुर्की में राहत सामग्री भेजेंगे, उनकी मदद करेंगे। यह एक सराहनीय कदम है लेकिन दिल्ली वाले तो फिर अपने लोग हैं। आप इनके घर सिर्फ इसलिए तोड़ रहे हैं कि इन्होंने आम आदमी पार्टी को वोट दे दिया। आम आदमी पार्टी इसका विरोध करती है और भाजपा को आगाह करती है कि ऐसा हम दिल्ली में बिल्कुल नहीं होने देंगे। हम किसी का भी घर नहीं टूटने देंगे। हर बुलडोजर को हमारे उपर से गुजरकर जाना होगा लेकिन हम एक भी झुग्गी टूटने नहीं देंगे।