केजरीवाल के इस्तीफे की मांग को लेकर महिला मोर्चा ने दिल्ली के प्रमुख चौक चौराहों पर हाथों में तख्ती लेकर चलाया जन जागरण अभियान

Listen to this article

*अभियान में शामिल हुए दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेन्द्र सचदेवा ने कहा – केजरीवाल का भी जेल जाना तय

*केजरीवाल ने अपने बयान से कांग्रेस को दुत्कारने का काम किया है तो अब कांग्रेस को तय करना होगा कि उन्हें और कितनी जिल्लते अरविंद केजरीवाल से झेलनी है – वीरेन्द्र सचदेवा

दिल्ली भाजपा के महिला मोर्चा की कार्यकर्ताओं ने आज दिल्ली में 38 टोलियों बनाकर प्रमुख चौक चौराहों पर अरविंद केजरीवाल सरकार के शराब घोटाले एवं भ्रष्टाचार के विरुद्ध जन जागरण अभियान चलाया।

इस अभियान के अंतर्गत विभिन्न स्थानों पर महिला कार्यकर्ता तख्ती लेकर खड़ी हुई जिनपर लिखा था- ‘आप’ ने दिल्ली को शराब में डुबाया अब शराब ‘आप’ को डुबायेगी।

आई.टी.ओ. चौक पर और रेल भवन के पास अभियान चला रही महिला कार्यकर्ताओं के साथ कुछ समय के लिए दिल्ली भाजपा के अध्यक्ष श्री वीरेन्द्र सचदेवा भी जनजागरण अभियान में सम्मलित हुए। दिल्ली भाजपा महामंत्री श्री कमलजीत सहरावत, प्रदेश महिला मोर्चा प्रभारी श्रीमती लता गुप्ता, सह-प्रभारी श्रीमति श्याम बाला, महिला मोर्चा महामंत्री श्रीमती प्रियल भारद्वाज, श्रीमती सरिता तोमर एवं सुश्री वैशाली पोद्दार, सहित मोर्चे की अन्य पदाधिकारी और महिला निगम पार्षद भी विभिन्न स्थानों पर उपस्थित थे।

इस मौके पर मीडिया से बातचीत करते हुए श्री वीरेन्द्र सचदेवा ने कहा कि क्या केजरीवाल को देश की न्यायपालिका पर विश्वास नहीं है जो वे भ्रष्टाचारियों को बचाने के लिए प्रोटेस्ट कर रहे हैं। हमेशा ही विक्टिम कार्ड खेलने वाले केजरीवाल और उनकी पार्टी कह रही है कि चुनाव के कारण भाजपा डर गई है, लेकिन ये बातें ईडी द्वारा जब संजय सिंह से सवाल पूछा जाएगा तो उस वक्त काम नही आने वाली है।

सचदेवा ने कहा कि दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल मीडिया में बार-बार सिर्फ यह कह रहे हैं कि शराब घोटाला फर्जी है लेकिन आज तक उन्होंने यह नहीं बताया कि अगर शराब नीति ठीक थी तो जांच प्रारंभ होने की घोषणा के बाद उन्होंने शराब नीति वापस क्यों ली?

दिल्ली भाजपा अध्यक्ष ने मुख्यमंत्री केजरीवाल के उस बयान पर हैरानी जताई जिसमें उन्होंने कहा कि कांग्रेस समर्थन करें या ना करें हमें फर्क नहीं पड़ता। उन्होंने कहा कि केजरीवाल ने अपने बयान से कांग्रेस को दुक्कारने का काम किया है तो अब कांग्रेस को तय करना होगा कि उन्हें और कितनी जिल्लते अरविंद केजरीवाल से झेलनी है। केजरीवाल आज भ्रष्टाचार के पर्याय बन चुके है।

वीरेन्द्र सचदेवा ने कहा कि आज जांच एजेंसी अपना काम कर रही है तो केजरीवाल को तकलीफ हो रही है और जांच एजेंसियों के कामों पर सवाल खड़े कर रहे हैं लेकिन जब वह भ्रष्टाचार कर रहे थे और पैसे कमा रहे थे तब उन्हें डर नहीं लगा था। उन्होंने कहा कि अरविंद केजरीवाल को भाजपा द्वारा पूछे गए सभी सवालों का जवाब देना पड़ेगा और वह दिन दूर नहीं जब वे भी मनीष सिसोदिया और संजय सिंह के साथ जांच के घेरे में होंगे।

Print Friendly, PDF & Email

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *