दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष चौ0 अनिल कुमार व अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के दिल्ली प्रभारी दीपक बाबरिया ने आज प्रदेश कार्यालय राजीव भवन में भाजपा की केन्द्र सरकार की तानाशाही, बिगड़ते देश के हालात, पिछले ढ़ाई महीनों से अधिक समय से मणिपुर में साम्प्रदायिक तबाही और गरीबों के लिए उठाई गई राहुल जी की आवाज को भाजपा द्वारा दबाने की कोशिश के खिलाफ 23 जुलाई, 2023, रविवार को जंतर मंतर पर मौन सत्याग्रह रखा गया है, जिसकी तैयारियों के लिए पूर्व सांसदो, पूर्व मंत्री जिला अध्यक्षों, पूर्व विधायकों, निगम पार्षदों, पूर्व निगम पार्षदों, ब्लाक अध्यक्ष व अग्रिम संगठनों, सेल एवं विभागों की महत्वपूर्ण बैठक बुलाई गई।
चौ0 अनिल कुमार ने बताया कि पिछले 9 वर्षों में भाजपा की देश विरोधी कूटनीति और पूंजीपतियों को पोषित करने की नीति, तानाशाही शासन की प्रवृति, कार्यपालिका और न्यायपालिका पर संपूर्ण नियंत्रण के कारण देश बर्बाद हो चुका है। कांग्रेस पार्टी के केन्द्रीय वरिष्ठ नेता, दिल्ली के वरिष्ठ नेता, पूर्व सांसद, पूर्व विधायक सहित हजारों की संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता भाजपा की केन्द्र सरकार के खिलाफ 23 तारीख को जंतर मंतर पर मौन सत्याग्रह में काली पट्टी बांधकर विरोध करेंगे।
दीपक बाबरिया ने कहा कि दंगों में दो महिलाओं को नग्न करके दरिंदगी हुई उससे पूरे देश में रोष है। पिछले ढाई महीनों से अधिक समय से मणिपुर जल रहा है और भाजपा की मणिपुर सरकार हिंसा और दंगों पर नियंत्रण पाने में पूरी तरह विफल रही है। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष श्री राहुल गांधी जी जब गरीबों की आवाज और इन पर हो रहे अत्याचार के खिलाफ आवाज उठाते है तो उसको दबाने का प्रयास किया जाना अनैतिक है। पिछले 9 वर्षों में महंगाई, बेरोजगारी में ऐतिहासिक वृद्धि हुई है। पेट्रोल, डीजल, सीएनजी व पेट्रोलियम पदार्थों की दरों में अत्यधिक उछाल के कारण गरीबों, निम्न वर्ग व मध्यम वर्ग के लोगों की जीवन शैली निचले स्तर पर आकर थम गई है। मोदी शासन में देश की 80 प्रतिशत लोग गरीबी रेखा से निचले स्तर पर जीवन जीने को मजबूर है।
दिल्ली की पूर्व मुख्यमंत्री स्व0 श्रीमती शीला दीक्षित जी की पुण्यतिथि पर प्रदेश अध्यक्ष चौ0 अनिल कुमार और अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के दिल्ली प्रभारी दीपक बाबरिया ने उनकी तस्वीर पर फूल चढ़ाकर उन्हें श्रद्धाजंलि अर्पित की।
दिल्ली की पूर्व मुख्यमंत्री स्व0 श्रीमती शीला दीक्षित की चौथी पुण्यतिथि पर दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी कार्यालय में दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष चौ0 अनिल कुमार और अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के दिल्ली प्रभारी श्री दीपक बाबरिया सहित मौजूद नेताओं और कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने शीला जी की तस्वीर पर पुष्पांजलि अर्पित की।
श्रद्धाजंलि देने वालों प्रदेश अध्यक्ष और प्रदेश प्रभारी दीपक बाबरिया के अलावा पूर्व सांसद श्री रमेश कुमार, श्रीमती कृष्णा तीरथ दिल्ली सरकार के पूर्व मंत्री डा0 नरेन्द्र नाथ, ए0आई0सी0सी0 प्रदेश प्रभारी श्री मनीष चतरथ पूर्व विधायक राजेश जैन, दर्शना रामकुमार, प्रदेश उपाध्यक्ष मुदित अग्रवाल, जिला अध्यक्ष एडवोकेट दिनेश कुमार और आदर्श भारद्वाज सहित जिला अध्यक्ष, ब्लाक अध्यक्ष, महिला कांग्रेस, युवा कांग्रेस, सेवादल और एनएसयूआई के पदाधिकारी भी मौजूद थे।
चौ0 अनिल कुमार ने कहा कि शीला दीक्षित 1998 से 2013 तक लगातार 15 सालों तक दिल्ली की मुख्यमंत्री रहीं, इस दौरान उन्होंने राजधानी में आधुनिक इन्फ्रास्ट्रक्चर का निर्माण किया। कभी भी बेरोजगारी और महंगाई को दिल्ली की जनता पर हावी नही होने दिया गया।
चौ0 अनिल कुमार ने कहा कि 2013 में 8 लाख क्यूसेक पानी छोड़ने के बावजूद बाढ़ नही आई लेकिन 2023 में 3.50 लाख क्यूसेक पानी छोड़ने पर ही दिल्ली में तबाही मच रही है, दिल्ली सरकार के भ्रष्टाचार के कारण यमुना में बाढ़ आई है, क्योंकि पिछले 9 वर्षों में यमुना सफाई के नाम पर करोड़ो रुपये डकार गए परंतु यमुना से गंदगी और गाद को बाहर नही निकाला और उसका स्तर उॅचाई पर होने के कारण दिल्ली डूब गई है। उन्होंने कहा कि वर्तमान वर्ष 2023 में बाढ़ से हालात बदहाल है। सरकार के बाढ़ विभाग की असफलता को स्वयं बाढ़ मंत्री सौरभ भारद्वाज ने स्वीकार किया है। परंतु वे अपनी जिम्मेदारी लेने की जगह दूसरों पर आरोप लगा रहे हैं। दिल्ली सरकार में समन्यव की कमी और कुप्रबंधन के कारण लोग बाढ़ की पीड़ा के साथ-साथ सरकार की अव्यवस्थाओं से अपनी जरुरतों के लिए असहाय और मजबूर महसूस कर रहे है।