हरियाणा में कांग्रेस को मिली बड़ी सफलता, पूर्व मंत्री निर्मल सिंह कांग्रेस में शामिल 

Listen to this article

*आम आदमी पार्टी छोड़कर हुए कांग्रेस में शामिल

*पिछले डेढ़ साल में भाजपा, आप और जजपा से 37 पूर्व मंत्री और पूर्व विधायक हुए कांग्रेस में शामिल 

लोकसभा चुनाव से पहले हरियाणा में कांग्रेस को बड़ी सफलता मिली है। हरियाणा के दिग्गज नेता पूर्व मंत्री निर्मल सिंह और चित्रा सरवारा ने शुक्रवार को नई दिल्ली स्थित कांग्रेस मुख्यालय में आम आदमी पार्टी छोड़कर कांग्रेस का दामन थाम लिया। निर्मल सिंह आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय सह सचिव और चित्रा सरवारा आम आदमी पार्टी की प्रदेश उपाध्यक्ष थी। 

हरियाणा कांग्रेस प्रभारी महासचिव दीपक बाबरिया, हरियाणा कांग्रेस अध्यक्ष उदय भान, नेता प्रतिपक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा और सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा ने दोनों को कांग्रेस में शामिल कराया। दोनों नेताओं के साथ आम आदमी पार्टी के 256 पदाधिकारी,  सात जिला पार्षद और पूर्व जिला पार्षद, 122 सरपंच और पूर्व सरपंच, अंबाला से 12 पूर्व पार्षद भी कांग्रेस में शामिल हुए। 

इस अवसर पर हरियाणा कांग्रेस प्रभारी दीपक बाबरिया ने कहा कि निर्मल सिंह हरियाणा के एक बड़े नेता हैं। कांग्रेस के बड़े पदाधिकारी रहे हैं। निर्मल सिंह ने यूथ कांग्रेस से शुरुआत की थी। वह दो बार मंत्री और चार बार विधायक रहे। निर्मल सिंह लंबे समय तक कांग्रेस में रहे। निर्मल सिंह की बेटी चित्रा सरवारा महिला कांग्रेस की पूर्व पदाधिकारी रहीं, सोशल मीडिया की चेयरपर्सन रहीं। दोनों आज कांग्रेस पार्टी में शामिल हुए हैं। उनके आने से पार्टी को मजबूती मिलेगी। 

वहीं हरियाणा कांग्रेस अध्यक्ष उदय भान ने कहा कि आज का दिन हरियाणा कांग्रेस कमेटी के लिए बहुत ही ऐतिहासिक है। हरियाणा प्रदेश के वरिष्ठ नेता निर्मल सिंह, जो शुरू से ही कांग्रेस में रहे और विभिन्न पदों पर अपनी सेवाएं दी, आज पुनः कांग्रेस में शामिल हो गए हैं। पिछले डेढ़ साल में भाजपा, आम आदमी पार्टी और जजपा से 37 पूर्व मंत्री और पूर्व विधायक कांग्रेस पार्टी का दामन थाम चुके हैं। इससे अंदाजा लग सकता है कि हरियाणा में कांग्रेस की किस तरह से हवा चल रही है।

नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि आज देश का प्रजातंत्र खतरे में है, इसलिए हम सभी का फर्ज है कि साथ मिलकर कांग्रेस को मजबूत करें। निर्मल सिंह और चित्रा सरवारा के आने से कांग्रेस को प्रदेश और राष्ट्रीय स्तर पर मजबूती मिलेगी।

सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि आज बहुत बड़ी संख्या में आम आदमी पार्टी के सैकड़ों पदाधिकारी कांग्रेस में शामिल हुए हैं। उनका यह फैसला आने वाले समय में हरियाणा में परिवर्तन और खुशहाली लेकर आएगा।

Print Friendly, PDF & Email

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *