मुफ्त बिजली-पानी, शिक्षा-स्वास्थ्य देने वाले केजरीवाल को जेल में डालने का जवाब वोट से दें- संजय सिंह

Listen to this article
  • आम आदमी पार्टी दिल्लीवालों के हित में काम करती है और भाजपा दिल्ली को लूटने का काम करती है- संजय सिंह
  • केजरीवाल देश के पहले मुख्यमंत्री हैं, जिन्होंने शहीद जवानों के परिवार को एक करोड़ की सम्मान राशि देने की घोषणा की- संजय सिंह
  • हम जवानों, किसानों, माताओं-बहनों की इज्जत के लिए काम कर रहे हैं और भाजपाई हमें पकड़कर जेल में डाल रहे हैं- संजय सिंह
  • भाजपा ने प्रत्याशी बदल कर मान लिया, उनके सांसद नकारे थे, इस बार इंडिया गठबंधन के प्रत्याशी को संसद में भेजें- संजय सिंह
  • भाजपाई कहते हैं कि जो राम को लाए हैं, हम उनको लाएंगे, ये हमारे भगवान का अपमान कर रहे हैं- संजय सिंह

आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं राज्यसभा सदस्य संजय सिंह ने मंगलवार को पश्चिमी दिल्ली लोकसभा क्षेत्र के उत्तम नगर और विकासपुरी विधानसभा में जेल का जवाब वोट से कैंपेन के तहत संकल्प सभा की। इंडिया गठबंधन के प्रत्याशी महाबल मिश्रा के समर्थन में हुई सभा में लोगों ने जेल का जवाब वोट से देने की शपथ ली। संजय सिंह ने कहा कि जिस मुख्यमंत्री ने आपको मुफ्त बिजली, पानी, शिक्षा और स्वास्थ्य देने का काम किया, उसे भाजपा के लोगों ने जेल में डाल दिया। इसलिए आप लोग अरविंद केजरीवाल को जेल में डालने का जवाब अपने वोट दें। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी हमेशा दिल्लीवालों के हित में काम करती है, लेकिन भाजपा दिल्ली को लूटने का काम करती है। हम जवानों, किसानों, माताओं-बहनों की इज्जत के लिए काम कर रहे हैं और भाजपाई हमें पकड़कर जेल में डाल रहे हैं। वहीं, देश भर के भ्रष्टाचारियों को अपनी पार्टी में शामिल कर रहे हैं। इसलिए इनको हराना है और इंडिया गठबंधन को जिताना है।

भाजपाई कहते हैं कि जो राम को लाए हैं, हम उनको लाएंगे, ये हमारे भगवान का अपमान कर रहे हैं- संजय सिंह

संजय सिंह ने कहा कि महाबल मिश्रा तीन बार विधायक रहे, सांसद रहे और पूरी दिल्ली में पूर्वांचल के लोगों के हक की बात हमेशा उठाते रहे हैं। भाजपा ने अपना प्रत्याशी बदलकर मान लिया कि उनका सांसद नकारा था। जबकि महाबल मिश्रा ने वर्षों से आपकी सेवा की है, इस बार इनको सांसद चुनकर संसद में भेजिए। आम आदमी पार्टी दिल्ली के लोगों का भला करने के लिए बनी है और भाजपा दिल्ली के लोगो को लूटने के लिए बनी है। भाजपा दिल्ली का काम रोकती है और आदमी पार्टी दिल्लीवालों के लिए लड़ाई लड़ने का काम करती है। हमारी पार्टी के मुखिया अरविंद केजरीवाल को झूठे मामले में पकड़कर जेल में डाल दिया। केजरीवाल का यही गुनाह है कि उन्होंने फ्री में बिजली, पानी दिया, मोहल्ला क्लीनिक बनाया, महिलाओं के लिए बस की यात्रा फ्री की, बुजुर्गों का तीर्थयात्रा कराई। ऐसे मुख्यमंत्री को जेल में डालने का जवाब वोट से देना है।

उन्होंने कहा कि अरविंद केजरीवाल ने माताओं, बहनों को एक हजार रुपए महीना देने की स्कीम लेकर आए। फरिश्ते स्कीम लेकर आए, ताकि दिल्ली में सड़क दुर्घटना हो तो उसका मुफ्त इलाज हो सके। ऐसी सुविधा देने वाली देश में एक भी सरकार नहीं है। लेकिन इन्होंने आपके बेटे को जेल में डाल दिया। मनीष सिसोदिया ने पूरे हिन्दुस्तान में सबसे बेहतरीन शिक्षा मंत्री हैं। उनके बारे में अमेरिका, ब्रिटेन का अखबार लिखता है और पूरी दुनिया में चर्चा होती है। उनको भी जेल में डाल दिया। सत्येंद्र जैन ने बिजली फ्री करने की योजना लागू की। मेरी आवाज बंद करने के लिए इन्होंने मुझे छह महीने तक जेल में रखा। लेकिन जिस दिन से बाहर निकला हूं भाजपाइयों की नींद हराम कर दिया हूं।

उन्होंने कहा कि जब किसान आंदोलन करने दिल्ली आते हैं तो रास्ते में कीलें बिछाते है, पानी की बौछारें करते हैं। आंदोलन में 750 किसानों ने अपनी शहादत दी है। उन किसानों की शहादत का बदला अपने वोट से देना है। अरविंद केजरीवाल ने दिल्ली पुलिस के जवानों और बॉर्डर की सुरक्षा करते हुए शहीद होने वाले जवानों के परिवार को एक करोड़ रुपए की आर्थिक सहायता दी जाएगी। अरविंद केजरीवाल देश के पहले मुख्यमंत्री हैं, जिन्होंने शहीद जवानों के परिवार को एक करोड़ रुपए की सम्मान राशि देने की घोषणा की। आज जवानों, किसानों, माताओं-बहनों की इज्जत के लिए हम काम कर रहे हैं और भाजपाई हमें पकड़कर जेल में डाल रहे हैं। मोदी जी अगर पूरी पार्टी को भी जेल में डाल देगी तब भी दिल्ली की जनता अपने वोट से जवाब देगी।

उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में जनता बड़ी है। बाबा साहब के संविधान से हमें वोट की ताकत मिली है। भाजपा वाले गाना गा रहे हैं कि जो राम को लाए हैं, हम उनको लाएंगे। राजनीति में इतना अहंकार अच्छा नहीं होता है। भगवान राम सृष्टि के रचयिता हैं। राम हमारे अराध्य देवता हैं, वो हमारे भगवान हैं। राम हमको लेकर आए हैं, तुम राम को लाने वाले नहीं हो। ये हमारे भगवान का अपमान करते हैं। भाजपा वालों के पास बताने के लिए एक भी काम नहीं है। मैं दिल्ली की जनता से कहना चाहता हूं, जब भाजपाई आएं तो उनसे काम का हिसाब मांगना। इनके पास काम का रिपोर्ट कार्ड नहीं है तो इनको जीरो नंबर मिलना चाहिए। इस बार भाजपा को दिल्ली में अंडा देकर भेजना है। पूरे देश के भ्रष्टाचारी भाजपा और नरेंद्र मोदी के साथ हैं। इलेक्टोरल बॉन्ड हिन्दुस्तान का सबसे बड़ा भ्रष्टाचार है। शराब घोटाला किसी ने किया है तो वो भाजपा ने किया है। मुख्य घोटालेबाज सरथ रेड्डी ने भाजपा को 60 करोड़ रुपए का चंदा दिया है। इस बार इनको हराना है और इंडिया गठबंधन के प्रत्याशियों को जीताना है।

Print Friendly, PDF & Email

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *