इंडिया गठबंधन संविधान की रक्षा के लिए जान की बाजी लगा देगा, लेकिन इसे खत्म नहीं होने देगा

Listen to this article

*उत्तर प्रदेश में क्लीन स्वीप करने जा रहा इंडिया गठबंधन, चार जून के बाद गुड बाय नरेंद्र मोदी होगा

कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने मंगलवार को उत्तर प्रदेश में चुनाव प्रचार करते हुए कहा कि देश के संविधान को बनाने के लिए बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर जी ने अपनी पूरी जिंदगी दे दी। करीब तीन हजार साल इस देश में दलितों पर अत्याचार हुए। संविधान ने पहली बार दलितों को इज्जत दी। भाजपा नेता दोबारा से सरकार में आने पर इस संविधान को खत्म करने की बात कह रहे हैं। इंडिया गठबंधन संविधान की रक्षा के लिए जान की बाजी लगा देगा, लेकिन इसे खत्म नहीं होने देगा।  

कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी मंगलवार को उत्तर प्रदेश के रुद्रपुर में विशाल जनसभा को संबोधित कर रहे थे। उनके साथ समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव भी मौजूद थे। इसके उपरांत दोनों नेताओं ने वाराणसी में भी जनसभा को संबोधित किया।

जनता की विशाल भीड़ के बीच राहुल गांधी ने कहा कि भाजपा दलितों, पिछड़ों और आदिवासियों को मिलने वाले आरक्षण को भी खत्म करने की बात कहती है। भाजपा आरक्षण को खत्म नहीं कर पाएगी। बल्कि, इंडिया गठबंधन की सरकार बनने पर आरक्षण पर लगी 50 प्रतिशत की सीमा को हटाया जाएगा और आरक्षण को बढ़ाकर 50 प्रतिशत से अधिक किया जाएगा।

जनसभा में मोदी सरकार से आक्रोशित युवाओं के नारों के बीच अग्निपथ योजना का मुद्दा उठाते हुए कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष ने कहा कि सेना के जवानों को नरेंद्र मोदी ने मजदूरों में बदल दिया है। यह नरेंद्र मोदी की योजना है। इस योजना से सेना और जवानों का अपमान किया जा रहा है। इंडिया गठबंधन की सरकार अग्निपथ योजना को रद्द कर कूड़ेदान में फेंक देगी। 

राहुल गांधी ने कहा, नरेंद्र मोदी कहते हैं कि मैं बायोलॉजिकल नहीं हूं, मुझे परमात्मा ने भेजा है। परमात्मा ने इनको अडानी-अंबानी की मदद के लिए भेजा है, लेकिन किसान, मजदूर, गरीब की मदद करने के लिए नहीं भेजा। परमात्मा ने अगर इन्हें सच में भेजा होता तो वे कहते कि देश के सबसे कमजोर लोगों की मदद करो।

कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष ने कहा, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अरबपतियों की जेब में पैसा डाला, उस पैसे से उन्होंने विदेशों में व्यापार किया। लेकिन इंडिया गठबंधन की सरकार आम जनता को पैसा देने जा रही है। इससे लोग अपने गांव-शहर में सामान खरीदेंगे। जैसे ही लोग सामान खरीदना शुरू करेंगे, हिंदुस्तान की बंद फैक्ट्रियां चालू हो जाएंगी। फिर उन्हीं फैक्ट्रियों में हिंदुस्तान के युवाओं को रोजगार मिलेगा।

राहुल गांधी ने कांग्रेस घोषणा पत्र के किए गए वादे दोहराते हुए कहा कि केंद्र में इंडिया गठबंधन की सरकार बनने पर हर गरीब परिवार की एक महिला को हर माह 8,500 रूपये मिलेंगे। महिलाओं को सरकारी नौकरियों में 50 प्रतिशत आरक्षण दिया जाएगा। केंद्र में खाली पड़ी 30 लाख सरकारी नौकरियां भरी जाएंगी। युवाओं को अप्रेंटिसशिप का अधिकार दिया जाएगा। इसमें युवाओं को प्रशिक्षण मिलेगा और साल में एक लाख रुपये दिए जाएंगे। मजदूरों को मनरेगा में 400 रूपये की न्यूनतम मजदूरी मिलेगी। 

कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष ने जनता से कांग्रेस और समाजवादी पार्टी के उम्मीदवारों को भारी मतों से जिताने की अपील की और कहा कि उत्तर प्रदेश में इंडिया गठबंधन क्लीन स्वीप करने जा रहा है। चार जून के बाद गुड बाय भाजपा, गुड बाय नरेंद्र मोदी हो जाएगा।

Print Friendly, PDF & Email

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *