प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष देवेन्द्र यादव ने नजफगढ़ जिला कांग्रेस कमेटी की कार्यकारिणी की बैठक को संबोधित किया

Listen to this article

कांग्रेस को जमीनी स्तर पर संगठनात्मक मजबूती देने के लिए आज नजफगढ़ जिला कांग्रेस कमेटी की कार्यकारिणी की बैठक द्वारका सेक्टर 19बी के लार्ड अपार्टमेंट में दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष देवेन्द्र यादव के नेतृत्व में हुई। बैठक की कार्यवाही से पहले वंदेमातरम गायन हुआ और प्रदेश अध्यक्ष ने दीप प्रज्वलित किया। बैठक की अध्यक्षता और जिला अध्यक्ष श्री सतबीर शर्मा ने की।

बैठक में प्रदेश अध्यक्ष देवेन्द्र यादव के अलावा कम्युनिकेशन विभाग के चेयरमैन एवं पूर्व विधायक अनिल भारद्वाज, पूर्व विधायक सुमेश शौकीन, तस्वीर सौलंकी, सुषमा यादव, अनिल मित्तर, राजेश यादव, जतिन सेहरावत सहित सभी ब्लाक अध्यक्ष और जिला और जिला व ब्लाक पदाधिकारी भी मौजूद थे।

बैठक को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष देवेन्द्र यादव ने कहा कि जन नायक हमारे प्रिय नेता श्री राहुल गांधी जी के लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष बनने पर हम बधाई और शुभकामनाऐं देते है। इसके बाद राहुल जी संसद में तानाशाह भाजपा सरकार की लोकतांत्रिक मर्यादाओं से हटकर काम करने की कार्यशैली पर लगाम लगाने और देश के गरीब, पिछड़े मजबूर, मध्यम वर्ग, निम्न वर्ग तथा भाजपा सरकार से हताश बेरोजगार, युवाआें, महिलाओं, श्रमिकों, किसानों को न्याय दिलाने के लिए परिपक्वता के साथ लड़ाई जारी रखेंगे। उन्होंने कहा कि आज देश राहुल गांधी की ओर देख रहा है, हमें अपने प्रयासों से संगठन को मजबूत बनाकर अगले 5 वर्षों देशवासियों के हितों, अधिकारों और उनके कल्याण के लिए काम करना है ताकि अगली बार कांग्रेस बहुमत के साथ केन्द्र में अपनी सरकार बनाऐंगे।

देवेन्द्र यादव ने कहा कि संगठन को बूथ लेवल से लेकर जमीनी स्तर तक मजबूत बनाने के लिए प्रत्येक कांग्रेस कार्यकर्ता कर्मठता और अनुशासन के साथ अपनी जिम्मेदारी निभाऐगा। उन्होंने कहा कि सभी कार्यकर्ता, नेता और पदाधिकारियों के विचारों और सुझावों को शामिल करके संगठन को सुदृढ़ बनाया जाऐगा। उन्होंने कहा कि सभी ब्लाक अध्यक्ष हर महीने 2 तारीख और जिला अध्यक्ष अपने जिले की बैठक 5 तारीख को करेंगे। उन्होंने कहा कि जो लोग किसी कारणवश पार्टी से अलग हो गए है, उनको मनाकर पार्टी में शामिल करना है। उन्होंने कहा कि हमें आपसी मतभेद भुलाकर पार्टी हित के लिए काम करना होगा तभी हम भाजपा और आम आदमी पार्टी को आने वाले समय में संघर्ष कर सकते है।

देवेन्द्र यादव ने कहा कि पिछले 10 वर्षों में केन्द्र में भाजपा और दिल्ली में आम आदमी पार्टी की सरकार ने लोगों बड़े-बड़े वायदे और सपने दिखाए और लोगों ने दोनो के बहकावे और उनकी बातों में आकर उन्हें विजयी बनाया परंतु दो कार्यकालों में कुछ भी नही किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता और नेताओं को भाजपा और आम आदमी पार्टी की पोल खोलने का प्रयास करने की जरुरत है।

देवेन्द्र यादव ने कहा कि सभी ब्लाक और जिला कांग्रेस कमेटियों में कांग्रेस कार्यकर्ता प्रत्येक बूथ पर सामाजिक समुदायों, संगठनों, आर.डब्लू.ए. और एनजीओ से मिलकर संगठन इनसे जुड़े लोगों को पार्टी के साथ जोड़ेंगे। उन्होंने कहा कि हमारा विश्वास है कि दिल्ली की आम आदमी पार्टी की दिल्ली सरकार की नाकामियों और भाजपा के झूठे वायदों व प्रचारो के खिलाफ कांग्रेस के सिपाही संविधान की रक्षा के लिए मजबूती से खड़े है और हर बूथ, ब्लाक, जिला में कांग्रेस पार्टी लोकतंत्र को बचाने की लड़ाई मजबूती से लड़ेगी। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता हमारी शक्ति है और दिल्ली की जनता के अधिकारों की रक्षा करना हमारा संकल्प है।

Print Friendly, PDF & Email

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *