*विश्वास जताया कि विपक्ष को संसद में लोगों की आवाज उठाने का मौका मिलेगा
*लोकसभा अध्यक्ष को बधाई देते हुए दिलाई संविधान की याद
लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने आज ओम बिरला को लोकसभा अध्यक्ष चुने जाने पर बधाई दी और संविधान की रक्षा की जिम्मेदारी की भी याद दिलाई।
विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने अपने संबोधन में ओम बिरला को इंडिया गठबंधन की तरफ से बधाई देते हुए कहा, यह सदन हिंदुस्तान के लोगों की आवाज का प्रतिनिधित्व करता है और आप उस आवाज के संरक्षक हैं। निस्संदेह, सरकार के पास सत्ता की शक्ति है, लेकिन विपक्ष भी देश के लोगों की आवाज का प्रतिनिधित्व करता है। उन्होंने कहा कि इस बार विपक्ष पिछली बार की तुलना में देश के लोगों की अधिक आवाज का प्रतिनिधित्व करता है। विपक्ष आपके काम में आपकी सहायता करना चाहेगा और हम चाहेंगे कि सदन अच्छी तरह से चले।
राहुल गांधी ने कहा, यह बहुत महत्वपूर्ण है कि विश्वास के आधार पर सहयोग हो और विपक्ष को जनता की आवाज सदन में उठाने की अनुमति दी जाए। मुझे पूरा विश्वास है कि आप हमें बोलने देंगे और हमें देश के लोगों की आवाज का प्रतिनिधित्व करने देंगे।
उन्होंने आगे कहा, सवाल यह नहीं है कि सदन कितनी कुशलता से चलता है। सवाल यह है कि सदन में देश की आवाज को सुनने की कितनी अनुमति दी जाती है। इसलिए सदन को कुशलतापूर्वक चलाने के नाम पर विपक्ष की आवाज को दबाना गैर-लोकतांत्रिक विचार है।
राहुल गांधी ने कहा, इस चुनाव ने दिखाया है कि हिंदुस्तान के लोग विपक्ष से देश के संविधान की रक्षा करने की उम्मीद करते हैं। हमें यकीन है कि विपक्ष को बोलने का मौका देकर आप देश के संविधान की रक्षा करने का अपना कर्तव्य निभाएंगे। संबोधन के आखिर में उन्होंने लोकसभा अध्यक्ष के साथ-साथ चुनाव जीतने वाले सदन के सभी सदस्यों को भी बधाई दी।




