PKL 11: पिछले सीजन के फाइनल के रीमैच में फिर से हरियाणा स्टीलर्स पर भारी पड़े पुनेरी पल्टन

Listen to this article

गाचीबोवली इंडोर स्टेडियम में शनिवार को प्रो कबड्डी लीग के 11वें सीजन का चौथा मैच पिछले सीजन के फाइनल का रीमैच था। कारण यह था कि मौजूदा चैंपियन पुनेरी पल्टन का सामना फाइनल खेलने वाली हरियाणा स्टीलर्स से था और पल्टन ने अपने हरफनमौला खेल की बदौलत एक बार फिर श्रेष्ठता साबित कर नए सीजन का जोरदार आगाज किया। पल्टन ने यह मैच 35-25 के अंतर से जीता।

पल्टन की जीत में कप्तान असलम इनामदार (5 अंक), पंकज मोहिते (4 अंक), मोहित गोयत (4 अंक) औऱ गौरव खत्री (हाई-5) का अहम किरदार रहा। खासतौर पर गौरव का, जिन्होंने अमन (4 अंक) के साथ चुपचाप डिफेंस का नेतृत्व किया और सात अंक बटोरे। हरियाणा के लिए शिवम पटारे और संस्कार ने पांच-पांच अंक लिए मोहम्मदरेजा शादलू ने चार अंक बटोरे।

बहरहाल, पिछले सीजन का फाइनल खेलने वाली दोनों टीमों ने अपनी साख को ध्यान में रखते हुए सावधान शुरुआत की। बड़े रणनीतिकार कोचों की देखरेख में खेल रहीं दोनों टीमों ने फूंक-फूंक कर कदम रखा औऱ यही कारण रहा कि शुरुआती 8 मिनट के बाद स्कोर 6-6 था और 10 मिनट बाद पल्टन को सिर्फ एक अंक की लीड मिल सकी थी। दोनों टीमो को रेड में 4-4 और टैकल में 2-2 अंक मिले। फासला कायम करने वाला अतिरिक्त अंक था।

ब्रेक के बाद मोहित ने डू ओर डाई रेड में दो शिकार कर हरियाणा को सुपर टैकल की स्थिति में डाला और फिर पल्टन के डिफेंस ने विनय का शिकार कर उसे आलआउट की ओर धकेल दिया। मोहित आए और एक शिकार कर लौटे। फिर पल्टन ने आलआउट की औपचारिकता पूरा कर 13-7 की लीड ले ली लेकिन शिवम पटारे ने डुबकी पर दो अंक लेकर फासला थोड़ा कम किया। असलम ने अपने बैककिक से सेतपाल का जबड़ा हिलाकर पल्टन को फिर 6 अंक से आगे कर दिया।

पंकज मोहिते ने इसके बाद सुपर रेड के साथ पल्टन की लीड 8 की कर दी। इसी बीच शिवम को लपक गौरव खत्री ने हाई-5 पूरा किया। अब हरियाणा के लिए सुपर टैकल आन था। इसी बीच शादलू ने मोहित का शिकार कर हरियाणा को 2 अंक दिला दिए। फिर विनय ने डू ओर डाई रेड पर अंक लेकर हाफ टाइम तक स्कोर 13-19 कर दिया। ब्रेक के बाद दोनों टीमों को 2-2 अंक मिले और स्कोर 21-15 से पुणे के हक में था।

हरियाणा ने डू ओर डाई रेड पर पंकज का शिकार कर अपने इरादे जाहिर किए लेकिन इसके रेडर गलतियां कर रहे थे। हरियाणा की रणनीति डू ओर डाई पर खेलने की थी। इसी क्रम में उसने दो अंक बटोरे। शादलू ने पहले आकाश और फिर अपने पिछले कप्तान असलम का शिकार किया। 30 मिनट के बाद पल्टन 23-18 से आगे थे। इसी बीच गौरव खत्री ने हाई-5 पूरा किया।

पल्टन अपनी लीड लगातार मजबूत कर रहे थे। चार मिनट बचे थे औऱ उसने 28-19 की लीड ले ली थी। हरियाणा के लिए सुपर टैकल आन था औऱ साथ ही आलआउट का भी खतरा था। असलम की रेड पर सेतपाल सेल्फ आउट हुए और फिर असलम ने साहिल की आउट कर दिया। इस तरह पल्टन ने हरियाणा को दूसरी बार आलआउट कर अपनी जीत पक्की कर ली। अंतिम पलों में संस्कार ने चार अंक की बेहतरीन रेड की लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी।

Print Friendly, PDF & Email

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *