- पर्यावरण मंत्री ने तिलक नगर में स्पोर्ट्स कॉम्पलेक्स को विकसित करने की जरूरत बताई और कहा कि तिलक नगर निवासियों के लिए बेहतर मनोरंजन सुविधाएं सुनिश्चित करने और एक खेल परिसर विकसित करने की दिशा में हो रहा काम
- “ट्रिपल इंजन सरकार के साथ हम दिल्ली की गंदगी को साफ करने, कुप्रबंधन को समाप्त करने और ‘विकसित दिल्ली’ की दिशा में कार्य करने का संकल्प लेते हैं।
हमें दोषारोपण करने के बजाय समस्याओं का समाधान करने पर ध्यान केंद्रित करना चाहिए।”
– मंत्री सिरसा
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और माननीय मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के कुशल नेतृत्व में दिल्ली सरकार राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र को प्रदूषण मुक्त विश्वस्तरीय शहर बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। पर्यावरण, खाद्य आपूर्ति एवं उद्योग मंत्री माननीय मनजिंदर सिंह सिरसा ने आज तिलक नगर में स्थानीय विधायक, निवासियों और विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ क्षेत्र में नागरिक सुविधाओं का जायजा लिया। इस दौरे का उद्देश्य स्थानीय स्तर पर चल रही नागरिक सुविधाओं एवं पर्यावरण नियमों की देखरेख सुनिश्चित करना था। पर्यावरण नियमों की अनदेखी से निवासियों के जीवन की गुणवत्ता प्रभावित होती है। इसका संरक्षण हम सभी का नैतिक कर्तव्य है।
माननीय मंत्री सिरसा ने तिलक नगर में सार्वजनिक और ‘सुलभ शौचालयों’ की गंदगी के खिलाफ तत्काल सख्त कार्रवाई की आवश्यकता पर जोर दिया, साथ ही अवैध अतिक्रमण, कचरा निस्तारण और स्वच्छता की स्थिति में सुधार के लिए आवश्यक निर्देश जारी किए। माननीय मंत्री ने कहा, “सड़कों पर अतिक्रमण हो गया है, वहां अवैध रूप से दुकानें और ढाबे बनाए गए हैं। पार्कों में भी अवैध रूप से वाहन पार्क किए जा रहे हैं। कबाड़ हो चुके वाहन सार्वजनिक स्थलों पर अवैध रूप से पार्क किये गए हैं। इन्हें प्राथमिकता के आधार पर हटाया जाना आवश्यक है।” उन्होंने अधिकारियों को एक सप्ताह की समयसीमा के भीतर गंदगी हटाने, सार्वजनिक शौचालयों (विशेष रूप से सुलभ शौचालयों) की स्थिति सुधारने और कचरे की सफाई के निर्देश दिए ताकि प्रदूषण और गंदगी पर अंकुश लगाया जा सके।
सिरसा ने जोर देते हुए कहा, “ट्रिपल इंजन सरकार के साथ हम दिल्ली की गंदगी साफ करने, कुप्रबंधन को समाप्त करने और दिल्ली को ‘विकसित दिल्ली’ बनाने के लिए प्रतिबद्ध हैं। हमें समस्याओं का समाधान करने और उनसे सीखने पर ध्यान देना चाहिए, न कि दोषारोपण में उलझना चाहिए।” मंत्री ने अधिकारियों से आह्वान किया कि वे चुनौतियों से सीखते हुए समाधान पर केंद्रित रहें और एक विश्वस्तरीय शहर का निर्माण करें जो सभी के लिए सुरक्षित और स्वच्छ वातावरण सुनिश्चित करे।
स्थानीय निवासियों के साथ बातचीत के दौरान सिरसा ने तिलक नगर में खेल परिसर विकसित करने की आवश्यकता पर भी बल दिया। उन्होंने कहा कि “तिलक नगर में स्पोर्ट्स कॉम्पलेक्स बनाने की अत्यधिक आवश्यकता है। हम स्थानीय निवासियों के लिए बेहतर मनोरंजन सुविधाएं सुनिश्चित करने हेतु एक स्पोर्ट्स कॉम्पलेक्स विकसित करने की दिशा में कार्य कर रहे हैं।” माननीय मंत्री के तिलक नगर के निरीक्षण के दौरान राजस्व विभाग, दिल्ली नगर निगम (एमसीडी), लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी), दिल्ली शहरी आश्रय सुधार बोर्ड (डीयूएसआईबी) और अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी भी उपस्थित थे। माननीय मंत्री ने कहा कि सबके सामूहिक प्रयास से ही जनसमस्याओं का प्रभावी समाधान सुनिश्चित किया जा सकेगा।
दिल्ली सरकार उन्नत गवर्नेंस, सस्टेनेबल डेवलपमेंट और सामूहिक सहभागिता के माध्यम से ‘विकसित दिल्ली’ के लक्ष्य को प्राप्त करने की दिशा में आगे बढ़ रही है। सरकार का लक्ष्य स्पष्ट विजन के साथ दिल्ली को विश्व के बड़े महानगरों के समकक्ष खड़ा करना है, जो सभी नागरिकों के लिए उन्नत सुविधाओं और गुणवत्तापूर्ण जीवन प्रदान करने वाला हो।


