*मेयर ने संपत्ति कर माफी योजना 2025-26 — “संपत्तिकर निपटान योजना (सुनियो)” का लाभ उठाने की नागरिकों से की अपील
दिल्ली के मेयर सरदार राजा इकबाल सिंह ने बताया कि दिल्ली नगर निगम ने करदाताओं को सुविधा प्रदान करने के उद्देश्य से अब तक 12 जोनों में 2333 संपत्ति कर शिविरों का सफल आयोजन किया गया है। इन शिविरों में नागरिकों को संपत्ति कर दाखिल करने और कर माफी योजना के अंतर्गत लाभ प्राप्त करने में सहायता प्रदान की जा रही है। मेयर ने बताया कि दिल्ली नगर निगम द्वारा आयोजित किए जा रहे संपत्तिकर कैंपों में नागरिक बढ़ चढ़कर हिस्सा ले रहे हैं। अब तक 56,753 संपत्ति कर दाताओं ने निगम द्वारा आयोजित इन शिविरों का का लाभ उठाया है।
मेयर सरदार राजा इकबाल सिंह ने बताया कि “सुनियो” योजना के प्रति नागरिकों का उत्साह देखते हुए दिल्ली नगर निगम द्वारा आने वाले दिनों में और अधिक संपत्ति कर शिविरों का आयोजन किया जाएगा ताकि सभी पात्र करदाता संपत्ति कर माफी योजना 2025-26, “संपत्तिकर निपटान योजना (सुनियो)” का पूर्ण लाभ उठा सकें।
सुनियो योजना के अंतर्गत, वित्त वर्ष 2020-21 से पूर्व लंबित बकाया संपत्ति कर सहित ब्याज और जुर्माना पूरी तरह माफ कर दिया जाएगा। यदि करदाता वर्तमान वित्त वर्ष 2025-26 तथा पिछले पाँच वित्त वर्षों (2020-21 से 2024-25 तक) के मूल संपत्ति कर का बिना ब्याज और जुर्माने के भुगतान करते हैं। 59,411 करदाताओं ने ‘सुनियो’ योजना के तहत लाभ उठाया है, और ₹145.19 करोड़ कर एकत्र किया गया है।
इस योजना का लाभ उठाने के लिए करदाताओं को ऑनलाइन संपत्ति कर विवरणी भरनी होगी। यह विवरणी निगम की आधिकारिक वेबसाइट के निम्नलिखित लिंक पर जाकर भरी जा सकती है:
https://mcdonline.nic.in/ptrmcd/web/citizen/info
मेयर सरदार राजा इकबाल सिंह ने सभी संपत्ति करदाताओं से अपील कि की वे “सुनियो” योजना के अंतर्गत इस सुनहरे अवसर का लाभ उठाएं और बिना किसी ब्याज या जुर्माने के अपने पुराने बकाया संपत्ति कर को निपटाएं।
उन्होंने बताया कि इसके अतिरिक्त, करदाताओं की सुविधा और सहूलियत के लिए एमसीडी ने वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए एकमुश्त संपत्ति कर भुगतान पर 10% की छूट की अंतिम तिथि को बढ़ाकर 31 जुलाई, 2025 कर दिया है।


