PM मोदी के 76वें जन्मदिन पर विजय चौक से सेवा तीर्थ तक जगमगाए 1.25 लाख दीये; CM रेखा गुप्ता और गणमान्य हस्तियां हुईं शामिल

Listen to this article

नई दिल्ली, 17 सितंबर 2026: प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के 76वें जन्मदिवस के अवसर पर गुरुवार को नई दिल्ली पालिका परिषद (NDMC) द्वारा ‘सेवा दिवस’ के रूप में भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। विजय चौक से लेकर कर्तव्य पथ और सेवा तीर्थ तक सवा लाख (1.25 लाख) मिट्टी के दीये प्रज्ज्वलित कर दिल्लीवासियों ने ‘आशीर्वाद का दीया’ जलाया।

इस अवसर पर आयोजित भव्य समारोह में दिल्ली की मुख्यमंत्री श्रीमती रेखा गुप्ता, केंद्रीय राज्य मंत्री एवं दिल्ली प्रदेश भाजपा अध्यक्ष श्री हर्ष मल्होत्रा, नई दिल्ली की सांसद सुश्री बांसुरी स्वराज, NDMC अध्यक्ष श्री मनोज कुमार द्विवेदी और उपाध्यक्ष श्री कुलजीत सिंह चहल सहित कई गणमान्य अतिथि, केंद्र सरकार की योजनाओं के हजारों लाभार्थी, एनडीएमसी कर्मचारी और छात्र-शिक्षक मौजूद रहे।

“140 करोड़ देशवासियों की सेवा का प्रतीक है यह आशीर्वाद”: मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए दिल्ली की मुख्यमंत्री श्रीमती रेखा गुप्ता ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी ने निरंतर देश के 140 करोड़ नागरिकों की सेवा की है।

मुख्यमंत्री ने कहा:

“आज कर्तव्य पथ पर, सेवा तीर्थ के बाहर दिल्लीवासियों ने अपने घरों से दूर आकर जिस तरह ‘आशीर्वाद का एक दीया’ प्रज्ज्वलित किया है, वह प्रधानमंत्री जी के प्रति अटूट स्नेह, सम्मान और विश्वास का प्रतीक है। हम ईश्वर से उनकी दीर्घायु, उत्तम स्वास्थ्य और निरंतर ऊर्जावान जीवन की कामना करते हैं ताकि वे भारत को ‘विकसित भारत’ बनाने के संकल्प की ओर आगे बढ़ाते रहें।”

सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूर्ण होने का ऐतिहासिक अवसर

केंद्रीय राज्य मंत्री एवं दिल्ली भाजपा अध्यक्ष श्री हर्ष मल्होत्रा ने कहा कि इस वर्ष प्रधानमंत्री जी के सार्वजनिक जीवन और राष्ट्रसेवा के 25 वर्ष पूर्ण हो रहे हैं, जिससे यह अवसर और अधिक ऐतिहासिक बन जाता है। उन्होंने कहा कि देशभर में जलाए जा रहे ये दीये देशवासियों के प्रेम और कृतज्ञता की अभिव्यक्ति हैं।

नई दिल्ली की सांसद सुश्री बांसुरी स्वराज ने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि विजय चौक के आसपास बना नया संसद भवन, सेवा तीर्थ और कर्तव्य भवन केवल इमारतें नहीं, बल्कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में ‘विकसित भारत’ की ओर बढ़ते मजबूत कदम हैं।

‘लुटियंस’ से ‘नरेंद्र मोदी मॉडल’ बनी नई दिल्ली: कुलजीत सिंह चहल

NDMC उपाध्यक्ष श्री कुलजीत सिंह चहल ने कहा कि ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम में शामिल होने वाले लाभार्थियों की अपनी कहानियां हैं, किसी को पक्का मकान मिला, किसी को मुफ्त इलाज तो किसी को स्वरोजगार।

उन्होंने आगे कहा कि जिसे कभी ‘लुटियंस दिल्ली’ कहा जाता था, वह आज आधुनिक विकास के नए दौर से गुजर रही है। भारत मंडपम, राष्ट्रीय युद्ध स्मारक, नया संसद भवन और कर्तव्य पथ जैसी परियोजनाओं ने नई दिल्ली को पूरे विश्व में “नरेंद्र मोदी मॉडल” के रूप में एक नई और गौरवान्वित पहचान दी है।

NDMC का संकल्प: स्वच्छ, हरित और सुंदर दिल्ली

NDMC के अध्यक्ष श्री मनोज कुमार द्विवेदी ने कहा कि विजय चौक पर एक साथ सवा लाख दीपों का प्रज्ज्वलन सेवा, समर्पण और राष्ट्र निर्माण का संदेश देता है। उन्होंने कहा कि इस आयोजन से प्रेरणा लेकर एनडीएमसी के सभी अधिकारी और कर्मचारी दिल्ली को और अधिक स्वच्छ, हरित, सुरक्षित और सुंदर बनाने के लिए पूर्ण निष्ठा से कार्य करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *