- दिल्ली में मच्छर जनित बीमारियों की रोकथाम के लिए मेयर डॉ. शैली ओबरॉय ने की समीक्षा बैठक
- वेक्टर बोर्न डिजीज की रोकथाम के लिए एमसीडी की ओर से रोजाना की जा रही डेढ़ लाख स्थानों की जांच- डॉ. शेली ओबरॉय
- दिल्ली नगर निगम डेंगू-मलेरिया-चिकनगुनिया मच्छर जनित बीमारियों की रोकथाम के लिए युद्ध स्तर पर सभी आवश्यक कदम उठा रहा है- डॉ. शेली ओबरॉय
- सभी जोन में प्रमुखता के साथ हॉट स्पॉट चिन्हित किए जाएं, जहां पर ब्रीडिंग होती है- डॉ. शैली ओबरॉय
- एमसीडी 311 ऐप पर दर्ज मच्छर प्रजनन संबंधित शिकायतों का निवारण प्राथमिकता पर किया जाए- डॉ. शैली ओबरॉय
दिल्ली में कल से एमसीडी की ओर से फॉगिंग शुरू कर दी जाएगी। मेयर डॉ शैली ओबरॉय ने वार्डों में तत्काल फॉगिंग शुरू करने के निर्देश दिए हैं। दिल्ली के 250 वार्डों में एक हजार से अधिक मशीनों से फोगिंग की जाएगी। मेयर डॉ शैली ओबरॉय ने कहा कि एमसीडी की ओर से रोजाना लगभग डेढ़ लाख स्थानों पर लार्वा की जांच की जा रही है। घरों में लार्वा मिलने पर नोटिस भेजे जा रहे हैं और चालान किए जा रहे हैं।
दिल्ली में हो रही बारिश और जलजमाव के मद्देनजर मच्छर जनित बीमारियों की रोकथाम के लिए मेयर डॉ. शैली ओबरॉय ने आज सिविक सेंटर में जन स्वास्थ्य विभाग के साथ समीक्षा बैठक की। उन्होंने कहा कि दिल्ली नगर निगम डेंगू-मलेरिया-चिकनगुनिया मच्छर जनित बीमारियों की रोकथाम के लिए युद्ध स्तर पर सभी आवश्यक कदम उठा रहा है और स्थिति नियंत्रण में है। दिल्ली के सभी वार्डों में मच्छर जनित बीमारियों की रोकथाम के व्यापक स्तर पर तत्काल फ़ॉगिंग शुरू की जाए। एमसीडी के पास वर्तमान में 1 हजार से अधिक फोगिंग मशीनें हैं। दिल्ली के सभी ढाई सौ वार्डों में तत्काल इन मशीनों से फोगिंग की जाए।
मेयर डॉ शैली ओबरॉय ने निर्देश देते हुए कहा कि सभी जोन में प्रमुखता के साथ हॉट स्पॉट चिन्हित किए जाएं, जहां पर ब्रीडिंग होती है। निगम के 3 हजार से ज़्यादा डीबीसी कर्मचारी और 2 हजार फ़ील्ड वर्कर मिशन मोड में घर- घर जाकर मच्छर की प्रजनन जांच एवं उसे नष्ट करे। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि एमसीडी311 ऐप पर नागरिकों द्वारा दर्ज मच्छर प्रजनन संबंधित शिकायतों का निवारण प्राथमिकता पर किया जाएं।
उन्होंने कहा की मच्छर प्रजनन की जाँच के लिए मलेरिया इंस्पेक्टर, डीबीसी कर्मचारी, फ़ील्ड वर्कर व जन स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों द्वारा प्रतिदिन 1 लाख से अधिक स्थानों का निरीक्षण किया जा रहा है। दिल्ली में रुक-रुक कर बारिश होने के कारण के कारण मच्छर जनित बीमारियों का खतरा बढ़ गया है। इस वर्ष बीमारियों को रोकना चुनौतीपूर्ण कार्य है लेकिन दिल्ली नगर निगम इस स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार है। मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व में निगम की ‘आप’ सरकार के लिए स्वास्थ्य प्राथमिकता है। हम एमसीडी हेल्थकेयर सुविधाओं को विश्वस्तरीय बनाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।
ऑटो टिपर के माध्यम से मच्छर जनित बीमारियों को लेकर किया जा रहा जागरूक
सभी क्षेत्रों में वार्ड-स्तरीय विशेष अभियान और जागरूकता अभियान को तेज कर दिया है। सभी 12 जोन में घर-घर से कचरा संग्रहण करते समय ऑटो टिपर के माध्यम से जागरूकता संदेश/ऑडियो चलाकर संभावित प्रजनन स्थलों और मच्छर जनित बीमारियों की रोकथाम और नियंत्रण के उपायों के बारे में बताया जा रहा है। मच्छर जनित बीमारियों बीमारियों की रोकथाम के लिए जन सहभागिता अत्यंत महत्वपूर्ण है।