दिल्ली नगर निगम ने ‘सहभागिता’ योजना के बारे में जागरूकता पैदा करने के लिए अपने सभी 12 जोन में ‘सहभागिता दिवस’ मनाया

Listen to this article

*इस पहल का उद्देश्य आरडब्ल्यूए/ग्रुप हाउसिंग सोसाइटी को सहभागिता योजना में पंजीकृत करने के लिए प्रोत्साहित करना और उन्हें आत्मनिर्भर बनाना है

*आरडब्ल्यूए के 450 प्रतिनिधियों को सहभागिता मित्र और 35 को सहभागिता राजदूत के रूप में नामित किया गया

‘सहभागिता’ योजना के बारे में जागरूकता पैदा करने के लिए, दिल्ली नगर निगम ने अपने सभी 12 जोनों में ‘सहभागिता दिवस’ मनाया है। विभिन्न स्थानों पर आयोजित कार्यक्रमों में क्षेत्रीय पार्षद, क्षेत्रीय अधिकारी और 600 आरडब्ल्यूए/जीएचएस के लगभग 3000 से अधिक प्रतिनिधियों ने भाग लिया। दिल्ली नगर निगम के संपत्ति कर विभाग द्वारा जनवरी, 2024 महीने को ‘सहभागिता माह’ के रूप में भी मनाया जा रहा है।

जागरूकता कार्यक्रम के दौरान, सहभागिता योजना के उद्देश्यों के बारे में बताया गया, जिसमें नगर निगम के कर दायरे को व्यापक बनाने और बेहतर सेवाएं प्रदान करने, दिल्ली के नागरिकों को सशक्त बनाने, उन्हें आत्मनिर्भर बनाने और आरडब्ल्यूए/जीएचएस को इसके तहत खुद को पंजीकृत करने के लिए प्रोत्साहित करने के लिए सभी हितधारकों की भागीदारी की परिकल्पना की गई है। कार्यक्रमों के दौरान यह भी बताया गया कि योजना के तहत प्रोत्साहन, एकमुश्त समय पर भुगतान पर मिलने वाली 10% छूट के अतिरिक्त होगी।

योजना के तहत, संबंधित कॉलोनी के ग्रुप हाउसिंग सोसाइटी (जीएचएस) और रेजिडेंट्स वेलफेयर एसोसिएशन (आरडब्ल्यूए) की सिफारिशों पर एमसीडी द्वारा विकास कार्यों के माध्यम से 10% प्रोत्साहन राशि प्रदान की जाएगी, बशर्ते कि संबंधित जीएचएस/आरडब्ल्यूए का कर संग्रह दक्षता कम से कम 90% हो। साथ ही, इस योजना के तहत एक लाख रुपये की सीमा भी हटा दी गई है।

इस योजना के तहत, 10 एकड़ और उससे अधिक क्षेत्रफल वाले आरडब्ल्यूए/जीएचएस/शैक्षिक संस्थानों को 90% कर संग्रह अनुपालन करने पर अतिरिक्त 5% गीला कचरा निपटान प्रोत्साहन भी दिया जाएगा, बशर्ते वे योजना के तहत दिल्ली नगर निगम द्वारा उल्लेखित उचित अपशिष्ट प्रबंधन नियमों का भी अनुपालन करते हों। यह अतिरिक्त प्रोत्साहन स्रोत पर ही शत प्रतिशत कचरा पृथक्करण, कॉलोनी/सोसाइटी/शैक्षणिक संस्थान में गीले कचरे की शत प्रतिशत कंपोस्टिंग, रिसाइकल योग्य सूखे कचरे का शत प्रतिशत पुनर्चक्रण तथा शेष सूखा कचरा शत प्रतिशत एमसीडी या उसकी अधिकृत एजेंसियों को सौंपने पर प्रदान किया जाएगा।

सहभागिता दिवस उत्सव के दौरान, ऑडियो विजुअल के माध्यम से सहभागिता योजना के तहत प्रोत्साहन प्राप्त करने के लिए एमसीडी पोर्टल पर आरडब्ल्यूए/जीएचएस के लिए ऑनलाइन पंजीकरण प्रक्रिया के बारे में भी बताया गया। इसके अलावा, संपत्ति के ऑनलाइन पंजीकरण की प्रक्रिया और यूपीआईसी (यूपिक) नंबर बनाने और नागरिकों द्वारा स्वयं संपत्तियों की जियो-टैगिंग करने की प्रक्रिया को भी ऑडियो विजुअल के माध्यम से प्रदर्शित किया गया। सहभागिता योजना के उद्देश्यों का विवरण देने वाले पैम्फलेट/हैंडआउट और ‘अक्सर पूछे जाने वाले प्रश्न (FAQs)’ भी साझा किए गए।

इसके अलावा, जीएचएस/आरडब्ल्यूए के प्रतिनिधियों के योगदान को ध्यान में रखते हुए और उनकी भागीदारी को प्रोत्साहित करने के लिए, जीएचएस/आरडब्ल्यूए के 450 प्रतिनिधियों को सहभागिता मित्र और 35 को सहभागिता राजदूत के रूप में नामित किया गया था।

निगम के संपत्ति कर विभाग द्वारा उठाए गए कदमों की सभी प्रतिभागियों ने सराहना की। दिल्ली नगर निगम को आशा है कि संपत्ति कर विभाग के ये प्रयास नागरिकों को कर प्रबंधन के साथ-साथ स्वच्छ और हरित दिल्ली बनाने के लिए प्रोत्साहित करेंगे।

Print Friendly, PDF & Email

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *