- भाजपा इतने सदमे में है कि अब उसे कोर्ट में ईडी के समन पर चल रही सुनवाई की तारीख का भी इंतजार नहीं है- गोपाल राय
- ईडी के गैरकानूनी समन असफल होता देख भाजपा अब सीबीआई के जरिए अरविंद केजरीवाल को गिरफ्तार करने की साजिश रच रही है- गोपाल राय
- सीबीआई अरविंद केजरीवाल को एक-दो दिन में नोटिस जारी करेगी और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा- गोपाल राय
- भाजपा को लगा था कि ‘‘आप’’ और कांग्रेस में गठबंधन नहीं होगा, लेकिन जैसे ही समझौते की खबर आई, उसकी बेचैनी बढ़ गई है- गोपाल राय
- भाजपा केवल राजनीतिक कारणों से हमारे शीर्ष नेताओं को गिरफ्तार कर आम आदमी पार्टी को खत्म करना चाहती है- गोपाल राय
- पिछले दो साल में ईडी हजारों जगह छापे मार चुकी है, लेकिन आज तक एक चवन्नी भी बरामदगी नहीं कर पाई है- गोपाल राय
आम आदमी पार्टी और कांग्रेस के बीच लोकसभा चुनाव में गठबंधन होता देख भाजपा घबरा गई है। ‘‘आप’’ के दिल्ली प्रदेश संयोजक गोपाल राय ने कहा कि 400 पार सीटें लाने का जुमला फेंकने वाली भाजपा दिल्ली समेत कई राज्यों में कांग्रेस के साथ गठबंधन होने से डर गई है। भाजपा इतने सदमे में आ गई है कि अब उसे कोर्ट में ईडी के समन को लेकर चल रही सुनवाई की तारीख का भी इंतजार नहीं है। ईडी का गैरकानूनी समन फेल होता देख भाजपा अब सीबीआई के जरिए सीएम अरविंद केजरीवाल को गिरफ्तार करने की साजिश रच रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा को लग रहा था कि आम आदमी पार्टी और कांग्रेस के बीच गठबंधन नहीं होगा, लेकिन जैसे ही समझौते की खबर आई, उसकी बेचैनी बढ़ गई है। पूरा देश जानता है कि भाजपा केवल राजनीतिक कारणों से हमारे शीर्ष नेताओं को गिरफ्तार कर आम आदमी पार्टी को खत्म करना चाहती है। लेकिन हम भाजपा के इन षड़यंत्रों से न डरे हैं और न डरेंगे।
आम आदमी पार्टी के दिल्ली प्रदेश संयोजक एवं कैबिनेट मंत्री गोपाल राय ने शुक्रवार को पार्टी मुख्यालय में प्रेसवार्ता कर कहा कि दिल्ली में आम आदमी पार्टी और कांग्रेस के बीच गठबंधन की खबरों ने भाजपा में नया डर पैदा कर दिया है। इसलिए भाजपा अब अरविंद केजरीवाल को गिरफ्तार करने के लिए एक नया षडयंत्र रच रही है। ईडी लगातार सीएम अरविंद केजरीवाल को समन भेज रही है, लेकिन ईडी के समन का मामला कोर्ट में है। इसलिए बीजेपी अब सीबीआई के जरिए दिल्ली के मुख्यमंत्री को गिरफ्तार करने का षडयंत्र रच रही है।
उन्होंने कहा कि भाजपा काफी समय से सीएम अरविंद केजरीवाल को गिरफ्तार करने की साजिश कर रही है, लेकिन जैसे ही गुरुवार को आम आदमी पार्टी और कांग्रेस के बीच दिल्ली के साथ अन्य राज्यों में समझौते को लेकर खबर आई है, भाजपा के अंदर बैचेनी बढ़ गई है। भाजपा को पहले लग रहा था कि आम आदमी पार्टी और कांग्रेस के बीच गठबंधन नहीं होगा और इंडिया गठबंधन का बिखराव की तरफ जा रहा है। लेकिन देश के सामने 400 पार का जुमला बोलने वाली भाजपा गठबंधन की खबर से ही इतने सदमे में आ गई है कि अब उसे कोर्ट में ईडी के समन पर चल रही सुनवाई की तारीख का भी इंतजार नहीं हो रहा है।
‘‘आप’’ दिल्ली प्रदेश संयोजक गोपाल राय ने कहा कि खबर आ रही है कि षडयंत्र के तहत भाजपा की सीबीआई सीआरपीसी के 41ए के तहत नोटिस तैयार कर रही है। सीबीआई अरविंद केजरीवाल को एक-दो दिन में नोटिस जारी करेगी और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर किया जाएगा। फिर ईडी ने जैसे मनीष सिसोदिया को गिरफ्तार किया था, सीएम केजरीवाल को भी गिरफ्तार कर लेगी। सीबीआई ने मनीष सिसोदिया को पूछताछ के लिए बुलाया था और रात में उनकी गिरफ्तारी की घोषणा कर दी। मनीष सिसोदिया जेल में थे और ईडी ने उन्हें जेल में ही गिरफ्तार कर लिया। अब भाजपा ने ईडी के गैरकानूनी समनों को असफल होते देख नया कुचक्र रचना शुरू किया है। मैं देश के लोगों को कहना चाहता हूं कि मनीष सिसोदिया को जेल में करीब एक साल होने जा रहा है। पिछले दो साल में तथाकथित शराब घोटाले में ये लोग हजारों जगह छापे मार चुके हैं। सभी लोगों के घरों को खंगाला जा चुका है, लेकिन आज तक ये एक चवन्नी भी बरामद नहीं कर पाए हैं। भाजपा केवल राजनैतिक कारणों के चलते आम आदमी पार्टी को खत्म करने के लिए हमारे शीर्ष नेताओं को गिरफ्तार किया गया।
उन्होंने कहा कि एक तरफ तो भाजपा का 400 पार का जुमला है, लेकिन हकीकत यह है कि भाजपा को डर सता रहा है। भाजपा का यह डर हर जगह दिखाई दे रहा है। किसान आंदोलन से भी भाजपा का डर दिख रहा है। भाजपा ने किसान आंदोलन की डर से लंबी-चौड़ी फौज लगा रखी है, जिसमें एक किसान भी शहीद हो गया। वहीं, दूसरी तरफ, किसान आंदोलन का समर्थन कर रहे अस्पताल में भर्ती पूर्व राज्यपाल सत्यपाल मलिक के घर पर सीबीआई के छापे पड़ गए। जब दिल्ली समेत अन्य राज्यों में इंडिया गठबंधन फाइनल स्थिति की तरफ बढ़ रहा है तो घबराई बीजेपी ने नया षडयंत्र रचना शुरू कर दिया है।
उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी पूरी जिम्मेदारी से यह कहना चाहती है कि हम लोग भाजपा के षडयंत्रों और धमकियों से न कल डरे थे, न आज डर रहे हैं और न आने वाले दिनों में डरेंगे। जिस तरह से देश में लोकतंत्र को तार-तार किया जा रहा है और उसकी धज्जियां उड़ाई जा रही हैं। चंडीगढ़ मेयर चुनाव में भाजपा ने बेईमानी से चुनाव जीतने का महा रिकॉर्ड बनाया है। जिस तरह से भारत के संविधान को नेस्तानाबुत करने की कोशिश हो रही है। ऐसे में देश को बचाने के लिए आम आदमी पार्टी इंडिया गठबंधन के साथ मिलकर चुनाव लड़ेगी और जीतेगी। इस मिशन को हम आगे बढ़ाते रहेंगे। भाजपा के इन षड़यंत्रों से हम न डरे हैं और न डरेंगे।









