ओडिशा के कद्दावर नेता श्रीकांत कुमार जेना कांग्रेस में शामिल 

Listen to this article

ओडिशा में लोकसभा और विधानसभा चुनाव से पहले अन्य दलों के नेताओं का कांग्रेस में शामिल होने का सिलसिला लगातार जारी है। बुधवार को भी ओडिशा में कांग्रेस को तब बड़ी सफलता मिली जब वहाँ के कद्दावर नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री श्रीकांत कुमार जेना ने कांग्रेस पार्टी का दामन थाम लिया। नई दिल्ली स्थित कांग्रेस मुख्यालय में ओडिशा कांग्रेस प्रभारी डॉ. अजय कुमार ने श्रीकांत कुमार जेना को कांग्रेस पार्टी में शामिल कराया। पूर्व केंद्रीय मंत्री जेना ओडिशा में तीन बार विधायक और चार बार लोकसभा के सदस्य रह चुके हैं।

इस दौरान पत्रकारों से बातचीत में डॉ. अजय कुमार ने कहा कि श्रीकांत जेना ओडिशा के बहुत ही कद्दावर नेताओं में से एक हैं। वह सिर्फ कांग्रेस पार्टी के लिए ही नहीं, बल्कि सामाजिक और राजनीतिक रूप से बहुत महत्वपूर्ण नेता हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ओडिशा के साथ पूरे देश में मजबूत हो रही है। विभिन्न राज्यों में अन्य दलों के नेता कांग्रेस में शामिल हो रहे हैं। 

भाजपा और बीजेडी के बीच गठबंधन की चर्चाओं पर डॉ. अजय कुमार ने कहा कि कल मोदी के भाषण से भाजपा और बीजेडी के लोग दुखी हैं। ओडिशा में भाजपा और बीजेडी के लोग हताश हो चुके हैं। गठबंधन की खबरों से दोनों दलों के नेता नवीन बाबू और मोदी से नाराज हैं।

वहीं श्रीकांत कुमार जेना ने कहा कि उन्हें कांग्रेस में फिर शामिल होकर प्रसन्नता हो रही है। छात्र जीवन से ही वह कांग्रेसी रहे हैं और हमेशा कांग्रेस के लिए काम किया है। वह भले ही बाहर रहे, लेकिन उनका मन कांग्रेस के साथ ही रहा है।

जेना ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नवीन पटनायक के बीच कल गठजोड़ हो गया है। दोनों दलों के बीच पहले भी ऐसा ही गठजोड़ था। लेकिन यह गठजोड़ अपवित्र है। इस बार भी गठजोड़ हुआ है, लेकिन ओडिशा के लोग इससे खुश नहीं है। कांग्रेस न सिर्फ ओडिशा से लोकसभा की ज्यादा सीटें जीतेगी। बल्कि ओडिशा में सरकार भी बनाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *