*मोदी और आरएसएस संविधान बदलकर आरक्षण छीनना चाहते हैं
*कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने किया झारखंड में प्रचार
कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने कहा कि भाजपा सांसदों से लेकर डिप्टी सीएम तक सबने रट लगा रखी है कि संविधान बदल देंगे। मोदी और आरएसएस संविधान बदलकर दलितों, पिछड़ों, आदिवासियों का आरक्षण एवं उनके अधिकार छीनना चाहते हैं। संविधान की रक्षा के लिए हम जान देने को तैयार हैं।
झारखंड के सिंहभूम और गुमला में विशाल जनसभाओं को संबोधित करते हुए कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने कहा कि संविधान देश के गरीबों, दलितों, पिछड़ों, आदिवासियों की आवाज है। संविधान से आरक्षण मिलता है। संविधान से शिक्षा, स्वास्थ्य और नौकरी मिलती है। अगर संविधान मिट गया तो दलित, पिछड़े और आदिवासी वर्ग के सभी अधिकार छिन जाएंगे। देश का पूरा धन अडानी जैसे चुनिंदा अरबपतियों के हाथ में चला जाएगा। उन्होंने वादा किया कि केंद्र में सरकार में आने पर कांग्रेस पार्टी आरक्षण की 50 प्रतिशत लिमिट को खत्म कर, आरक्षण को बढ़ा देगी। कांग्रेस सबको साथ लेकर आगे बढ़ेगी।
जनसभाओं को मिले अपार समर्थन से गदगद कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष ने कहा कि अडानी की नजर आदिवासियों के जल-जंगल-जमीन पर है और नरेंद्र मोदी अडानी के लिए काम करते हैं। भाजपा के लोग आदिवासियों को वनवासी कहते हैं, क्योंकि भाजपा आदिवासियों को उनका हक और भागीदारी नहीं देना चाहती है। कांग्रेस पेसा कानून, जमीन अधिग्रहण बिल, ट्राइबल बिल लेकर आई। लेकिन भाजपा ने इन सभी को कमजोर किया। कांग्रेस पार्टी आदिवासियों के जल-जंगल-जमीन की रक्षा करेगी। आदिवासियों के अधिकार लौटाएगी।
राहुल गांधी ने कहा कि राम मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा और नई संसद भवन के उद्घाटन में राष्ट्रपति को नहीं बुलाया गया। देश की राष्ट्रपति आदिवासी हैं, इसलिए वे कहीं नजर नहीं आईं। नरेंद्र मोदी ने देश की राष्ट्रपति का अपमान किया, उनके दिल में आदिवासियों के लिए कोई जगह नहीं है। आदिवासी मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को जेल में डाल दिया गया।
बेरोजगारी का मुद्दा उठाते हुए राहुल गांधी ने कहा कि आज युवा बेरोजगार हैं। नरेंद्र मोदी ने सालाना दो करोड़ रोजगार देने का झूठा वादा किया था। उन्होंने उलटा नोटबंदी और जीएसटी लागू कर रोजगार देने वाले व्यवसायों को खत्म कर दिया। कांग्रेस ने अपने घोषणा पत्र में वादा किया है कि केंद्र में कांग्रेस की सरकार बनने पर युवाओं को अप्रेंटिसशिप का अधिकार दिया जाएगा। इसमें युवाओं को प्रशिक्षण मिलेगा और साल में एक लाख रुपए दिए जाएंगे। केंद्र में खाली पड़े 30 लाख सरकारी पदों को भरा जाएगा। सरकारी कार्यालयों और सार्वजनिक क्षेत्र में ठेकेदारी प्रथा खत्म की जाएगी।अग्निवीर योजना रद्द की जाएगी।
उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी ने 22 अरबपति बनाए, कांग्रेस करोड़ों लखपति बनाने जा रही है। केंद्र में इंडिया गठबंधन की सरकार बनने पर प्रत्येक गरीब परिवार की एक महिला को हर महीने साढ़े आठ हजार रूपये दिए जाएंगे।
किसानों के लिए वादों को दोहराते हुए कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा ने किसानों को दबाने और कुचलने का काम किया है। मध्य प्रदेश में किसानों को गोली मारी गई। केंद्र में इंडिया गठबंधन की सरकार बनने पर किसानों को न्यूनतम समर्थन मूल्य की कानूनी गारंटी दी जाएगी और कर्जा माफ़ किया जाएगा। उन्होंने जनता से इंडिया गठबंधन के उम्मीदवारों को भारी मतों से जिताने का आह्वान किया।
इस दौरान झारखंड के मुख्यमंत्री चंपई सोरेन, कल्पना सोरेन, झारखंड कांग्रेस प्रभारी गुलाम अहमद मीर, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राजेश ठाकुर समेत अन्य वरिष्ठ नेता मौजूद थे।




