खरगे बोले- भाजपा के खिलाफ जनता खुद चुनाव लड़ रही

Listen to this article

*इंडिया गठबंधन को महाराष्ट्र की 48 सीटों में से कम से कम 46 सीटें मिलेंगी

*महाराष्ट्र की मौजूदा सरकार धोखे और विश्वासघात के आधार पर बनाई गई

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा कि लोकसभा चुनाव में भाजपा के खिलाफ जनता खुद चुनाव लड़ रही है। केंद्र की मोदी सरकार के कारनामों को लेकर जनता नाराज है। इस लड़ाई में जनता की जीत होगी।

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे शनिवार को महाराष्ट्र के मुंबई में पत्रकार वार्ता को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उनके साथ इंडिया गठबंधन के वरिष्ठ नेता शरद पवार और उद्धव ठाकरे भी मौजूद थे।

कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि इंडिया गठबंधन को महाराष्ट्र की 48 सीटों में से कम से कम 46 सीटें मिलेंगी। लोकसभा चुनाव में भाजपा हारने जा रही है।

खरगे ने कहा कि महाराष्ट्र की मौजूदा सरकार धोखे और विश्वासघात के आधार पर बनाई गई है, जिसका समर्थन खुद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कर रहे हैं। नरेंद्र मोदी जहां भी जाते हैं, लोगों को भड़काने का काम करते हैं।

कांग्रेस अध्यक्ष ने आगे कहा कि भाजपा सरकार द्वारा एजेंसियों का गलत इस्तेमाल कर विपक्षी दलों को डराया जा रहा है, उन्हें तोड़ा जा रहा है। असली दलों से उनका पार्टी चिन्ह छीनकर भाजपा को समर्थन करने वाली पार्टियों को सौंप दिया गया है। यह सब मोदी के इशारे पर हो रहा है। नरेंद्र मोदी सिर्फ लोकतंत्र की बातें करते हैं, लेकिन कभी लोकतंत्र के हिसाब से नहीं चलते।

उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी की तोड़-फोड़ नीति का महाराष्ट्र एक अकेला उदाहरण नहीं हैं। मोदी की तोड़-फोड़ नीति का वार इससे पहले कर्नाटक, मणिपुर, गोवा, मध्य प्रदेश में देखा जा चुका है। उनकी इस नीति के खिलाफ हम सभी साथ मिलकर लड़ रहे हैं।

लोकसभा चुनाव के लिए कांग्रेस घोषणा पत्र के वादे गिनाते हुए खरगे ने कहा कि इंडिया गठबंधन की सरकार बनने पर केंद्र में खाली पड़े 30 लाख पद भरे जाएंगे। गरीब परिवार की एक महिला को सालाना एक लाख रूपये दिए जाएंगे। गिग श्रमिकों को सामाजिक सुरक्षा दी जाएगी। मनरेगा की तर्ज पर शहरी क्षेत्र में भी लोगों को काम दिया जाएगा। गरीबों को 25 लाख रुपये का स्वास्थ्य बीमा मुफ्त में दिया जाएगा। खेती के सामान पर से जीएसटी हटाया जाएगा। इंडिया गठबंधन की सरकार गरीबों को हर महीने पांच किलो की जगह दस किलो अनाज देगी। सरल सिंगल रेट वाला जीएसटी सभी के लिए लागू होगा।

Print Friendly, PDF & Email

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *