उत्तर पश्चिम लोकसभा की मंगोलपुरी विधानसभा में कांग्रेस की शीला दीक्षित सरकार में विकास मंत्री रहे राजकुमार चौहान और शिक्षा मंत्री रहे कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष अरविंदर सिंह लवली ने भाजपा प्रत्याशी योगेन्द्र चंदोलिया के समर्थन में विशाल जनसभा की।
जनसभा को संबोधित करते हुए पूर्व मंत्री राजकुमार चौहान ने कहा कि मैंने विधायक रहते मंगोलपुरी विधानसभा की बहुत सेवा की।विकास के कार्य जो यहां दिखाई दे रहे हैं वह मेरे समय के हैं।आप विधायक राखी बिड़ला ने क्षेत्र की उपेक्षा की।उन्होंने जनता को समय और सम्मान नहीं दिया।
कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष लवली ने आप सरकार की शिक्षा नीतियों और स्कूलों में हुए घोटालों का मुद्दा उठाया और इसकी शीघ्र जांच पूरी करवाने की मांग की।उन्होंने कहा कि अरविंद केजरीवाल ने पूरी दिल्ली को भ्रष्टाचार का केंद्र बना दिया है।उनकी सही जगह तिहाड़ जेल ही है।
दिल्ली प्रदेश भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने पूर्व दिल्ली महिला आयोग अध्यक्ष और राज्यसभा सांसद स्वाती मालीवाल का अपमान और पिटाई करवाने के बाद केजरीवाल द्वारा आरोपी अपने सचिव विभव कुमार को शीशमहल में छिपाने पर तंज कसते हुए कहा कि जो अपनी महिला सांसद के सम्मान की रक्षा नहीं कर सकता वह दिल्ली की मां बहनों के सम्मान की क्या रक्षा करेगा ?केजरीवाल सरकार में मातृशक्ति की प्रतिष्ठा दांव पर लगी है।
कार्यक्रम को कांग्रेस के पूर्व यूथ विंग अध्यक्ष अमित मलिक ने भी संबोधित किया ।उन्होंने कांग्रेस की नीतियों पर कड़े प्रहार करते हुए उसे महिला,युवा और किसान विरोधी बताया।
भाजपा प्रत्याशी योगेन्द्र चंदोलिया ने अपनी जीत के बाद क्षेत्रवासियों को पूरा समय और सम्मान देते हुए जनाकांक्षाओं की पूर्ति का हर संभव प्रयास का वायदा किया।
बाहरी दिल्ली भाजपा जिलाध्यक्ष राम सिया शरण ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया।
2024-05-20




