दिल्ली मेट्रो रेल अकादमी (डीएमआरए) को राष्ट्रीय व्यावसायिक शिक्षा एवं प्रशिक्षण परिषद (एनसीवीईटी) द्वारा दोहरी मान्यता मिली

Listen to this article

मेट्रो रेल के क्षेत्र में देश की पहली अत्याधुनिक प्रशिक्षण संस्था, दिल्ली मेट्रो रेल अकादमी
(डीएमआरए) को राष्ट्रीय व्यावसायिक शिक्षा एवं प्रशिक्षण परिषद (एनसीवीईटी) द्वारा प्रमाणन संस्था
तथा मूल्यांकन एजेंसी दोनों के रूप में दोहरी मान्यता प्रदान की गई है।

एनसीवीईटी एक विनियामक संस्था है, जो भारत में व्यावसायिक शिक्षा एवं प्रशिक्षण के लिए
योग्यता तथा मूल्यांकन प्रक्रियाओं को विनियमित एवं मानकीकृत करने के लिए अधिकृत है।
एनसीवीईटी का उद्देश्य, औद्योगिक जरूरतों को पूरा करने हेतु उच्च गुणवत्ता वाली शिक्षा तथा
प्रशिक्षण कार्यक्रम सुनिश्चित करना है जिससे राष्ट्र की कौशल विकास पहलों को गति मिले।

एनसीवीईटी मान्यता का अर्थ है कि डीएमआरए, राष्ट्रीय कौशल योग्यता रूपरेखा (NSQF) के
अनुसार अनुमोदित प्रशिक्षण कार्यक्रम प्रदान करने और राष्ट्रीय क्रेडिट रूपरेखा (NCrF) के अनुसार कड़े
मूल्यांकन करने के लिए उच्चतम मानकों को पूरा करती है। प्रमाणन संस्था के रूप में, डीएमआरए को
अब व्यावसायिक प्रशिक्षण कार्यक्रमों को विकसित करने, प्रशिक्षण प्रदान करने और प्रमाणित करने के
लिए मान्यता प्राप्त है, यह सुनिश्चित करते हुए कि प्रशिक्षुओं को राष्ट्रीय स्तर पर मान्यता प्राप्त
योग्यता प्राप्त हो और उद्योग जगत में उनका महत्व हो। इसके साथ ही, एक मूल्यांकन एजेंसी के
रूप में, डीएमआरए को उन प्रोफेशनलों की योग्यताओं का मूल्यांकन करने और उनका प्रमाणन करने
का दायित्व भी दिया गया है।

दिल्ली मेट्रो रेल अकादमी (DMRA) मेट्रो रेल उद्योग में कुशल प्रोफेशनलों के विकास के लिए
समर्पित एक प्रमुख प्रशिक्षण संस्थान है। डीएमआरसी द्वारा स्थापित अकादमी, मेट्रो रेल के संचालन,
रखरखाव और प्रबंधन के विभिन्न पहलुओं को शामिल करते हुए व्यापक प्रशिक्षण प्रदान करती है।
अत्याधुनिक सुविधाओं तथा अनुभवी प्रशिक्षकों से सुसज्जित डीएमआरए, एक दिन में 900 से अधिक
प्रशिक्षुओं को समायोजित कर सकती है।

डीएमआरए कई विशेष रूप से तैयार किए गए कार्यक्रमों के माध्यम से डीएमआरसी के
नए भर्ती और मौजूदा कर्मचारियों के साथ-साथ विदेशों सहित अन्य मेट्रो को व्यावहारिक प्रशिक्षण
और सैद्धांतिक ज्ञान प्रदान करती है। विगत वर्षों में, डीएमआरए ने डीएमआरसी के 70,000 से अधिक
प्रशिक्षुओं और भारत तथा विदेशों में अन्य मेट्रो के 4,000 से अधिक प्रशिक्षुओं को सफलतापूर्वक
प्रशिक्षित किया है। भारत में मुंबई, बैंगलोर और बांग्लादेश में ढाका जैसे विभिन्न अन्य मेट्रो सिस्टम
के प्रोफेशनलों ने यहां प्रशिक्षण प्राप्त किया है।

अकादमी प्रशिक्षण कार्यक्रमों के निर्माण, विकास तथा प्रशिक्षण प्रदान करने के लिए ISO
9001:2015 से प्रमाणित है। दिल्ली मेट्रो रेल अकादमी (DMRA) को प्रतिष्ठित, क्षमता निर्माण आयोग
(CBC) के राष्ट्रीय मानकों के तहत भी मान्यता प्राप्त है। ये प्रमाणन तथा मान्यताएँ डीएमआरए की
विशिष्ट प्रशिक्षण पद्धतियों, अत्याधुनिक संसाधनों, विश्वस्तरीय बुनियादी ढाँचे और कार्यक्षेत्र की
विशेषज्ञता के माहौल को बढ़ावा देने के प्रति अटूट समर्पण को रेखांकित करती हैं।

Print Friendly, PDF & Email

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *