नई दिल्ली के प्रमुख उद्यानों में एनडीएमसी योग शिविर पूरे जोरों पर चल रहा है

Listen to this article

*एनडीएमसी पार्कों और उद्यानों सहित 08 स्थानों पर अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस मनाएगा। 
  
प्रतिष्ठित अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस 21 जून, 2024 को नई दिल्ली क्षेत्र में सफल आयोजित करने के उद्देश्य से, नई दिल्ली नगरपालिका परिषद (एनडीएमसी) योग दिवस के बिल्ड-अप कार्यक्रम के एक भाग के रूप में योग शिविरों का आयोजन कर रही है।
 
एनडीएमसी के ये योग शिविर 18 जून, 2024 से 20 जून, 2024 तक तालकटोरा गार्डन, नेहरू पार्क और लोधी गार्डन में रोज़ाना सुबह 6.30 से सुबह 8.30 बजे तक आयोजित किए जा रहे हैं। सुबह की सैर करने वाले/जॉगर्स, स्थानीय निवासी और अन्य योग प्रेमी इन योग बिल्ड – अप कार्यक्रमों में उत्साहपूर्वक भाग ले रहे हैं।
 
एनडीएमसी तालकटोरा गार्डन में गायत्री परिवार, लोधी गार्डन में पतंजलि और नेहरू पार्क में आर्ट ऑफ लिविंग के साथ सहयोग कर रही है। योग बिल्ड अप शिविरों में, ये योग संगठन योग प्रोटोकॉल के अनुसार प्रतिदिन योग सत्र आयोजित कर रहे हैं और योग आसन और अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस कार्यक्रम के लिए रिहर्सल भी करा रहे हैं। 
 
एनडीएमसी ने नागरिकों, आरडब्ल्यूए, एमटीए, सरकारी / गैर-सरकारी लोगों से अपील की है कि वे इन योग बिल्ड-अप कार्यक्रमों में भाग लें जो पार्कों और उद्यानों में आयोजित किए जा रहे हैं। 
 
एनडीएमसी अनेक प्रमुख योग संस्थान के सहयोग से 21 जून, 2024 को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस का आयोजन करेगा। नेहरू पार्क, सिंगापुर पार्क और कनॉट प्लेस के सेंट्रल पार्क में आर्ट ऑफ लिविंग, लोधी गार्डन में पतंजलि योग समिति, तालकटोरा गार्डन में गायत्री परिवार , कर्तव्य पथ पर मोरारजी देसाई योग संस्थान, न्यू मोती बाग में ईशा योग केंद्र, संजय झील पर योग गुरु संस्थान जैसे योग सहयोगी संगठन के रूप में जुड़े हुए हैं। 

नई दिल्ली क्षेत्र में मुख्य योग दिवस कार्यक्रम में 08 स्थानों पर लगभग 7,000 प्रतिभागी भाग लेंगे। मुख्य दिवस कार्यक्रम के सुचारु आयोजन हेतु कुल 08 नोडल अधिकारी नामित किये गये हैं। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के सफल आयोजन हेतु संबंधित विभाग, आयुष मंत्रालय एवं सहयोगी योग संस्थान के साथ समन्वय एवं व्यवस्था हेतु एक विस्तृत कार्य योजना पर विस्तार से कार्य किया जा रहा है। 
 
एनडीएमसी सभी 08 स्थानों पर मंच, कालीन, कुर्सियां, टेबल, पीए/साउंड सिस्टम, एलईडी, मैट, टी-शर्ट जैसी लॉजिस्टिक व्यवस्थाएं प्रदान करेगी। कार्यक्रम से पहले और बाद में आयोजन स्थलों और आसपास के सभी क्षेत्रों की सामान्य एवं विशेष सफाई भी एनडीएमसी स्वच्छता टीम द्वारा पर्याप्त सफाई सेवकों द्वारा कचरा ट्रॉलियों, कूड़ेदान और मोबाइल शौचालयों के साथ सुनिश्चित की जाएगी। 
 
आयोजन स्थलों पर पर्याप्त चिकित्सा स्टाफ की तैनाती के साथ मेडिकल एम्बुलेंस की व्यवस्था भी उपलब्ध करायी जायेगी। सभी स्थानों पर बड़ी संख्या में प्रतिभागी हो सकते हैं, इसलिए एनडीएमसी द्वारा दिल्ली पुलिस और यातायात पुलिस के परामर्श से पार्किंग व्यवस्था और सुरक्षा व्यवस्था की जा रही है। 
 
सभी नोडल अधिकारी समय-समय पर निर्धारित स्थलों का समय से पहले दौरा कर रहे हैं और सफाई, पार्किंग, सुरक्षा, सौंदर्यीकरण और अन्य व्यवस्थाओं के लिए सभी उपाय कर रहे हैं। नोडल अधिकारी विशिष्ट व्यवस्थाओं के लिए संबंधित विभागों से पर्याप्त जनशक्ति तैनात कर रहे हैं। मुख्य दिन के कार्यक्रम के लिए योग प्रशिक्षक/योग प्रदर्शक और एंकर की व्यवस्था के लिए नोडल अधिकारियों को योग भागीदार संस्थानों के साथ भी संपर्क में रहने को कहा गया है। 

Print Friendly, PDF & Email

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *