कोरिया के येओंगदेओक सिटी के मेयर पहुंचे दिल्ली विश्वविद्यालय

Listen to this article

कोरिया के येओंगदेओक सिटी के मेयर क्वांगयोल किम ने अपने प्रतिनिधिमंडल के साथ दिल्ली विश्वविद्यालय का दौरा किया। इस अवसर पर उन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय के माननीय कुलपति प्रो. योगेश सिंह द्वारा “हाई-वेलनेस फेस्टा 2023” की यात्रा के दौरान किए गए दान की सराहना की। इसके साथ ही उन्होंने 3 अक्टूबर, 2024 को होने वाले “येओंगदेओक इंटरनेशनल हाई-वेलनेस फेस्टा 2024” के उद्घाटन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होने के लिए कुलपति को निमंत्रण भी दिया। यह समारोह पारंपरिक कोरियाई चिकित्सा को भारतीय आयुर्वेद के साथ जोड़ता है और प्रतिभागियों को विभिन्न अनुभव प्रदान करने के साथ ही मानसिक स्वास्थ्य के महत्व को भी बढ़ावा देता है।

इस अवसर पर दिल्ली विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. योगेश सिंह ने अक्टूबर 2023 में ग्योंगबुक इंटरनेशनल हाई-वेलनेस फेस्टा 2023 के दौरान उनकी दक्षिण कोरिया के ग्योंगसांगबुक डो प्रांत की यात्रा और वहाँ के गवर्नर के साथ मुलाकात के दौरान के अद्भुत अनुभव भी साझा किए। कुलपति ने दक्षिण कोरिया के साथ मौजूदा संबंधों और आयुर्वेद योग के क्षेत्र में सहयोग के माध्यम से हमारे संबंधों को और मजबूत करने की आवश्यकता पर भी जोर दिया।

इस दौरान दोनों देशों की पारंपरिक औषधीय प्रणाली के क्षेत्र में आपसी सहयोग की संभावना पर भी चर्चा की गई है। निकट भविष्य में दोनों संस्थानों के बीच इस संबंध में एक समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए जाएंगे। आयुष मंत्रालय के तहत एक स्वायत्त संगठन और दिल्ली विश्वविद्यालय से संबद्ध अखिल भारतीय आयुर्वेद संस्थान की निदेशक प्रोफेसर तनुजा मनोज नेसारी भी इस चर्चा में शामिल हुई। इस बैठक में डीन ऑफ कॉलेज प्रो. बलराम पाणि, रजिस्ट्रार डॉ. विकास गुप्ता, पीआरओ अनूप लाठर, इंटरनेशनल अफेयर्स की चेयर पर्सन प्रो. नीरा अग्निमित्रा और डीन प्रो. आशुतोष भारद्वाज व प्रो. अनिल राय, डीन, अंतर्राष्ट्रीय संबंध (एसएस एंड एच), पूर्वी एशियाई अध्ययन विभाग के एचओडी प्रो. नबीन पांडा और कॉलेज ऑफ वोकेशनल स्टडीज के प्रिंसिपल प्रो. इंद्रजीत डागर ने भाग लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *