*कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने किया उत्तर प्रदेश में प्रचार
कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने भाजपा सांसदों द्वारा दोबारा से मोदी सरकार आने पर संविधान बदलने वाले बयानों पर कहा कि इंडिया गठबंधन और कांग्रेस पार्टी संविधान एवं लोकतंत्र की रक्षा कर रहे हैं। भाजपा नेता कह रहे हैं कि चुनाव जीतने पर संविधान को बदल दिया जाएगा। दुनिया में ऐसी कोई ताकत नहीं है जो संविधान को बदल सके।
यह बात कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने समाजवादी प्रमुख अखिलेश यादव के साथ उत्तर प्रदेश के अमरोहा में पार्टी उम्मीदवार कुंवर दानिश अली के पक्ष में जनसभा को संबोधित करते हुए कहीं। इस दौरान उत्तर प्रदेश कांग्रेस प्रभारी अविनाश पांडे, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय समेत इंडिया गठबंधन के अन्य वरिष्ठ नेता मौजूद थे।
राहुल गांधी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश की संपत्ति अडानी को सौंप दी। नरेंद्र मोदी ने सबसे अमीर अरबपतियों का 16 लाख करोड़ का कर्ज माफ़ कर दिया, जबकि कांग्रेस ने अपनी सरकार में किसानों का कर्ज माफ किया था। मोदी ने देश की जनता से हर वर्ष दो करोड़ नौकरियां और 15-15 लाख देने जैसे वादे कर झूठ बोला।
राहुल गांधी ने कहा कि हिंदुस्तान की सबसे बड़ी 200 कंपनियों, मीडिया कंपनियों के मालिकों की लिस्ट में पिछड़े, आदिवासी, दलित और अल्पसंख्यक वर्ग के लोग नहीं मिलेंगे। लेकिन सरकार पिछड़े, आदिवासी, दलित, अल्पसंख्यक और सामान्य वर्ग के ग़रीब लोगों से पैसे लेकर चंद अरबपतियों के जेब में डालती है। देश में 90 अफसर हैं, जो सरकार को चलाते हैं। देश के पूरे बजट का निर्णय यही अफसर लेते हैं। लेकिन इन 90 अफसरों में से सिर्फ तीन अफसर ओबीसी वर्ग के हैं। अगर हिंदुस्तान की सरकार 100 रुपए खर्च करती है, तो ओबीसी अफसर पांच रुपये का निर्णय लेते हैं। देश में ओबीसी, दलित और आदिवासी वर्ग की आबादी 73 प्रतिशत है, लेकिन ये 73 प्रतिशत लोग पूरे बजट में मात्र छह रुपए 10 पैसे का निर्णय लेते हैं। यह अन्याय है।
कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष ने कहा कि जातिगत जनगणना ही हिंदुस्तान का एक्स-रे है, क्योंकि तभी पता चलेगा कि देश में किस वर्ग के कितने लोग हैं। लेकिन जब मैंने जातिगत जनगणना की बात की तो नरेंद्र मोदी और भाजपा के लोग विरोध में आ गए। केंद्र में इंडिया गठबंधन की सरकार आते ही जातिगत जनगणना कराई जाएगी, ताकि सबको पता चले कि देश में किसकी-कितनी भागीदारी है।
राहुल गांधी ने कहा कि देश के अरबपतियों के बेटे जॉब मार्केट में जाने से पहले अप्रेंटिसशिप करते हैं और फिर वह स्थायी नौकरी में जाते हैं। मगर ये सुविधा देश के बेरोजगार युवाओं को कभी नहीं मिली। इसलिए कांग्रेस एक नई योजना लाई है, पहली नौकरी पक्की के तहत केंद्र में इंडिया गठबंधन की सरकार बनने पर हिंदुस्तान के सभी ग्रेजुएट, डिप्लोमा धारक को अप्रेंटिसशिप का अधिकार दिया जाएगा। युवाओं की एक साल की ट्रेनिंग सरकारी ऑफिस, प्राइवेट कंपनियों और पब्लिक सेक्टर में होगी और युवाओं को एक लाख रुपये मिलेंगे। उन्होंने इस दौरान युवाओं से केंद्र में ख़ाली पड़े 30 लाख सरकारी पद भरने, अग्निवीर योजना रद्द करने जैसे वादे दोहराए।
कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष ने पार्टी के घोषणा पत्र में किए गए अन्य वादों का जिक्र करते हुए कहा कि केंद्र में इंडिया गठबंधन की सरकार आने पर हर गरीब परिवार की एक महिला को हर महीने साढ़े आठ हजार रूपये की मदद दी जाएगी। इस तरह महिलाओं को सालाना एक लाख रूपये मिलेंगे। उन्होंने किसानों के लिए एमएसपी कानून लागू करने और कर्ज माफी का वादा किया। उन्होंने जनता से कांग्रेस उम्मीदवार को भारी मतों से जिताने का आह्वान किया।






