नई दिल्ली: दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष श्री देवेंद्र यादव ने आज प्रदेश कार्यालय ‘राजीव भवन’ में दो दिवसीय ‘नेशनल टैलेंट हंट’ कार्यक्रम का दीप प्रज्वलित कर विधिवत शुभारंभ किया। इस खास अभियान के तहत देश और दिल्ली के प्रतिभाशाली युवाओं की पहचान की जाएगी। टैलेंट हंट की विशेषज्ञ टीम इन युवाओं का साक्षात्कार (इंटरव्यू) करेगी, जिसके बाद चयनित युवाओं को प्रवक्ता, रिसर्च कोऑर्डिनेटर और पब्लिसिटी कोऑर्डिनेटर के रूप में सीधे कांग्रेस पार्टी की मुख्य विचारधारा से जुड़कर काम करने का एक सशक्त मंच मिलेगा।
इस उद्घाटन अवसर पर श्री देवेंद्र यादव के साथ दिल्ली कांग्रेस के संगठन महासचिव एवं नेशनल टैलेंट हंट के संयोजक श्री अनिल भारद्वाज, पूर्व राज्यसभा सांसद डॉ. अमी याग्निक, हरियाणा की विधायक श्रीमती गीता भुक्कल और नेशनल टैलेंट हंट के सह-संयोजक श्री अनुज आत्रेय सहित बड़ी संख्या में साक्षात्कार के लिए आए अभ्यर्थी उपस्थित थे।
युवाओं को मिलेगा देश की समस्याओं पर आवाज़ उठाने का मौका
दिल्ली कांग्रेस अध्यक्ष श्री देवेंद्र यादव ने मीडिया को संबोधित करते हुए कहा कि केवल कांग्रेस पार्टी ही एक ऐसी राजनीतिक पार्टी है जो अपने साधारण से साधारण कार्यकर्ता को भी उसकी प्रतिभा के अनुरूप प्रतिनिधित्व प्रदान करती है। इस नेशनल टैलेंट हंट कार्यक्रम के माध्यम से प्रतिभाशाली युवाओं और कार्यकर्ताओं को देश की समस्याओं, जनता के संकटों और जमीनी मुद्दों पर बेबाकी से आवाज़ उठाने का बराबरी का मौका मिलेगा।
राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खड़गे की सोच को बढ़ा रहे आगे
श्री देवेंद्र यादव ने बताया कि कांग्रेस अध्यक्ष श्री मल्लिकार्जुन खड़गे और लोकसभा में नेता विपक्ष श्री राहुल गांधी के निर्देशों पर ही इस कार्यक्रम को आगे बढ़ाया जा रहा है। दिल्ली में इस अभियान की शुरुआत 17 मार्च को की गई थी, और अब सभी शुरुआती प्रक्रियाओं को पूरा करने के बाद फाइनल राउंड के इंटरव्यू शुरू हो चुके हैं। इसका मूल उद्देश्य जमीनी स्तर से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक पार्टी के संचार तंत्र (Communication System) को मजबूत करना और लोकतांत्रिक प्रक्रिया में युवाओं की भागीदारी बढ़ाना है।
पारदर्शिता और योग्यता ही चयन का एकमात्र आधार
श्री यादव ने जोर देकर कहा कि इस पूरे टैलेंट हंट की नींव पूर्ण पारदर्शिता, निष्पक्षता और योग्यता पर टिकी है। इसमें अनुभवी कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ-साथ पार्टी की विचारधारा में विश्वास रखने वाले हर उस युवा को मौका मिलेगा जो सामाजिक और राजनीतिक मुद्दों पर प्रखर सोच रखता है। उन्होंने युवाओं से राष्ट्र निर्माण और देश के सही विकास के लिए आगे बढ़कर इस अभियान से जुड़ने की अपील की।
विशेषज्ञ जूरी फाइनल करेगी प्रवक्ताओं और रिसर्चर्स की लिस्ट
इस मौके पर दिल्ली कांग्रेस के संगठन महासचिव श्री अनिल भारद्वाज ने बताया कि रीजनल चरणों में कड़े मुकाबले के बाद चयनित उम्मीदवारों को ही इस फाइनल राउंड के लिए आमंत्रित किया गया है। इन सभी अभ्यर्थियों का मूल्यांकन एक प्रतिष्ठित, अनुभवी और विशेषज्ञ जूरी पैनल द्वारा किया जा रहा है। इस पूरी चयन प्रक्रिया के बाद ही पार्टी के नए प्रवक्ताओं, रिसर्च कोऑर्डिनेटरों और पब्लिसिटी कोऑर्डिनेटरों की अंतिम सूची जारी की जाएगी, जो आने वाले समय में पार्टी की सीधी आवाज़ बनेंगे।











