नई दिल्ली, 15 जुलाई 2026: दिल्ली की सड़कों पर कामकाजी महिलाओं और छात्राओं के सफर को अधिक सुरक्षित, आरामदायक और सुगम बनाने के लिए दिल्ली सरकार ने एक ऐतिहासिक कदम उठाया है। दिल्ली ट्रांसपोर्ट कॉर्पोरेशन (DTC) ने महिलाओं के लिए पूर्ण रूप से समर्पित एक विशेष इलेक्ट्रिक बस नेटवर्क शुरू करने का निर्णय लिया है। इस महत्वाकांक्षी परियोजना के तहत दिल्ली के सबसे व्यस्त और अत्यधिक भीड़-भाड़ वाले 28 रूटों पर विशेष रूप से महिला स्पेशल 56 इलेक्ट्रिक बसें चलाई जाएंगी।
यह पहल प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के ‘महिला नेतृत्व वाले विकास’ (Women-Led Development) और पर्यावरण-अनुकूल ‘ग्रीन दिल्ली’ के विजन से प्रेरित है।
पीक आवर्स में मिलेंगी 30 ‘लेडीज स्पेशल’ और 26 ‘यूनिवर्सिटी स्पेशल’ बसें
इस नए ट्रांसपोर्ट नेटवर्क को दो मुख्य श्रेणियों में विभाजित किया गया है। पहला, कामकाजी महिलाओं के लिए 15 व्यस्त मार्गों पर 30 ‘लेडीज स्पेशल’ बसें चलाई जाएंगी। यह सेवाएं सुबह 07:52 से 09:00 बजे तक और शाम को 04:32 से 06:15 बजे तक संचालित होंगी, जो प्रमुख औद्योगिक क्षेत्रों, व्यावसायिक केंद्रों और मेट्रो स्टेशनों को जोड़ेंगी। दूसरा, कॉलेज की छात्राओं के लिए 26 ‘यूनिवर्सिटी लेडीज स्पेशल’ (U-SPL) बसें चलाई जाएंगी। ये बसें नजफगढ़, रोहिणी, जनकपुरी, मयूर विहार और धौलाकुआं जैसे रिहायशी इलाकों को दिल्ली विश्वविद्यालय (DU) के नॉर्थ व साउथ कैंपस और अन्य बड़े कॉलेजों से सीधे जोड़ेंगी।
अत्याधुनिक सुरक्षा उपकरणों और ‘बस मार्शलों’ से लैस होंगी बसें
दिल्ली के परिवहन मंत्री डॉक्टर पंकज कुमार सिंह ने बताया कि सुरक्षा से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। बेड़े में शामिल सभी बसें 100% इलेक्ट्रिक होंगी। महिला यात्रियों की पुख्ता सुरक्षा के लिए प्रत्येक बस में:
- चौबीसों घंटे चालू रहने वाले CCTV कैमरे।
- सीधे ऑपरेशन कंट्रोल सेंटर (OCC) से जुड़े पैनिक बटन।
- आपातकालीन सुरक्षा के लिए बस मार्शल या महिला पुलिसकर्मियों की तैनाती।
- दिव्यांगजनों की सुविधा के लिए लो-फ्लोर रैंप जैसी आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
‘पिंक स्मार्ट कार्ड’ से मिलेगी कैशलेस और मुफ्त यात्रा की सुविधा
महिला स्पेशल बसों की सुगमता से पहचान सुनिश्चित करने के लिए इन बसों की विशेष रूप से आकर्षक ब्रांडिंग की जाएगी। इसके अलावा, इन बसों को दिल्ली सरकार की ‘पिंक स्मार्ट कार्ड’ योजना से जोड़ा जाएगा। इसके माध्यम से पात्र महिला यात्रियों और छात्राओं को बिना किसी परेशानी के पूरी तरह से कैशलेस और मुफ्त बस यात्रा की सौगात मिलती रहेगी।
सुरक्षित यात्रा हर महिला का अधिकार: परिवहन मंत्री डॉ. पंकज कुमार सिंह
इस विशेष शुरुआत पर खुशी जाहिर करते हुए दिल्ली के परिवहन मंत्री डॉक्टर पंकज कुमार सिंह ने कहा:
“हर महिला को सुरक्षित और सम्मानजनक यात्रा करने का पूरा अधिकार है। महिलाओं के लिए समर्पित यह बस नेटवर्क दिल्ली के पब्लिक ट्रांसपोर्ट को और अधिक सुरक्षित, सुलभ और सशक्त बनाने की दिशा में एक क्रांतिकारी कदम है। हम एक ऐसा परिवहन तंत्र विकसित कर रहे हैं जहाँ हमारी बहनें और बेटियाँ बिना किसी डर या संकोच के पूरे आत्मविश्वास के साथ सफर कर सकें।”
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के नेतृत्व में महिला-केंद्रित विकास को रफ्तार
परिवहन मंत्री ने आगे कहा कि दिल्ली की माननीय मुख्यमंत्री श्रीमती रेखा गुप्ता के कुशल नेतृत्व में दिल्ली सरकार अधिक समावेशी और महिला-केंद्रित नीतियों को धरातल पर उतार रही है। अत्याधुनिक सुरक्षा सुविधाओं, समर्पित बस सेवाओं और स्वच्छ पर्यावरण-अनुकूल (Clean Mobility) तकनीक के माध्यम से दिल्ली सरकार देश के समक्ष महिला सुरक्षा और सस्टेनेबल ट्रांसपोर्ट का एक बेहतरीन मॉडल प्रस्तुत करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।












