सुरीत इवेंट्स फाउंडेशन ट्रस्ट द्वारा पंजाबी बाग क्लब के एक्वेरियम हॉल में भव्य “लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड समारोह” का आयोजन किया गया। समारोह में देशभर से चयनित 111 समाजसेवियों, डॉक्टरों, वकीलों, शिक्षकों एवं विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाली विभूतियों को नेशनल अकाली दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष परमजीत सिंह पम्मा के कर-कमलों द्वारा लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड प्रदान कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का आयोजन ट्रस्ट की राष्ट्रीय अध्यक्ष रश्मीत कौर बिंद्रा एवं राष्ट्रीय महासचिव रिदम चड्ढा के नेतृत्व में किया गया।
इस अवसर पर राष्ट्रीय महासचिव रिदम चड्ढा ने कहा कि समाज सेवा केवल एक दायित्व नहीं, बल्कि मानवता की सच्ची पहचान है। उन्होंने बताया कि इस वर्ष देशभर से उत्कृष्ट कार्य करने वाले 111 व्यक्तियों का चयन उनकी निस्वार्थ सेवा, सामाजिक योगदान और उल्लेखनीय उपलब्धियों के आधार पर किया गया है। उन्होंने कहा कि सुरीत इवेंट्स फाउंडेशन ट्रस्ट समय-समय पर आर्थिक रूप से कमजोर बच्चों की स्कूल फीस, किताबें, स्टेशनरी तथा अन्य शैक्षणिक आवश्यकताओं का पूरा सहयोग करता है, ताकि कोई भी बच्चा आर्थिक तंगी के कारण शिक्षा से वंचित न रहे। उन्होंने कहा कि “शिक्षा ही एक ऐसा माध्यम है जो समाज और राष्ट्र का भविष्य बदल सकती है, इसलिए हमारी संस्था आगे भी सेवा और शिक्षा के इस अभियान को निरंतर जारी रखेगी।”
राष्ट्रीय अध्यक्ष रश्मीत कौर बिंद्रा ने कहा कि संस्था वर्षों से जरूरतमंद महिलाओं, बच्चों एवं समाज के कमजोर वर्गों के उत्थान के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि महिला सशक्तिकरण, शिक्षा, स्वास्थ्य और सामाजिक सेवा के क्षेत्र में संस्था लगातार जनकल्याणकारी अभियान चला रही है और भविष्य में भी समाजहित के कार्यों को और व्यापक स्तर पर आगे बढ़ाया जाएगा।
2026-07-21



