बुराड़ी विधानसभा क्षेत्र के 100 फुटा रोड पर करावल नगर जिला कांग्रेस कमेटी के नवनिर्मित कांग्रेस कार्यालय का उद्घाटन रविवार को किया गया। जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष मंगेश त्यागी के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में सैकड़ों की संख्या में कांग्रेस समर्थक, प्रदेश कांग्रेस के पदाधिकारी, वरिष्ठ नेता एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष देवेंद्र यादव रहे, जिन्होंने रिबन काटकर नए जिला कार्यालय का विधिवत उद्घाटन किया।
नए कार्यालय के उद्घाटन के अवसर पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिला। कार्यक्रम के दौरान पार्टी संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने और आम जनता से लगातार संवाद स्थापित करने पर विशेष जोर दिया गया। इसी अवसर पर कांग्रेस की नियमित मासिक बैठक का भी आयोजन किया गया, जिसमें जिला, ब्लॉक तथा बूथ स्तर पर संगठन की गतिविधियों और आगामी कार्यक्रमों को लेकर चर्चा की गई।
दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष देवेंद्र यादव ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि कांग्रेस का संगठन तभी मजबूत होगा, जब पार्टी का प्रत्येक कार्यकर्ता जनता के बीच लगातार सक्रिय रहकर उनके मुद्दों और समस्याओं को मजबूती से उठाएगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस केवल चुनाव के समय जनता के बीच जाने वाली पार्टी नहीं है, बल्कि आम लोगों के सुख-दुख में लगातार उनके साथ खड़ी रहने वाली पार्टी है।
देवेंद्र यादव ने कहा कि दिल्ली प्रदेश कांग्रेस की प्राथमिकता संगठन को जिला, ब्लॉक और बूथ स्तर तक मजबूत करना है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में जनता के साथ सीधा संवाद स्थापित करें और स्थानीय समस्याओं को संबंधित मंचों पर मजबूती से उठाएं। उन्होंने कहा कि मजबूत संगठन और सक्रिय कार्यकर्ता ही कांग्रेस को जमीनी स्तर पर नई मजबूती प्रदान कर सकते हैं।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष मंगेश त्यागी ने नए कार्यालय को कार्यकर्ताओं के लिए एक महत्वपूर्ण केंद्र बताते हुए कहा कि यहां से क्षेत्र की जनता की समस्याओं को सुनने और उनके समाधान के लिए प्रभावी तरीके से आवाज उठाने का कार्य किया जाएगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से संगठन को और अधिक मजबूत बनाने के लिए पूरी ऊर्जा के साथ काम करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में प्रदेश संगठन महासचिव अनिल भारद्वाज, प्रदेश उपाध्यक्ष लक्ष्मण रावत, महासचिव लोकेन्द्र चौधरी, प्रदेश प्रवक्ता नरेंद्र सोनी, जिला कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारी, ब्लॉक अध्यक्ष, वरिष्ठ कांग्रेस नेता तथा बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
टोटल ख़बरें के वरिष्ठ संवाददाता राजेश खन्ना की इस विशेष रिपोर्ट में देखिए प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष देवेंद्र यादव और करावल नगर जिला कांग्रेस अध्यक्ष मंगेश त्यागी ने संगठन और नए जिला कार्यालय को लेकर क्या कहा।
2026-08-09




