नोएडा सेक्टर-62 स्थित एक्सपो सेंटर के समीप चल रहे 12वें विशाल कांवड़ सेवा शिविर में छठवें दिन गौरी शिक्षा फाउंडेशन के चेयरमैन मुकेश शर्मा ने पहुंचकर श्रद्धालुओं के बीच सेवा की। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में गौरी शिक्षा फाउंडेशन के चेयरमैन मुकेश शर्मा पहुंचे, जिनका शिविर के आयोजक सरोकार मीडिया ग्रुप के प्रबंध संपादक निशांत शर्मा व पत्रकार प्रदीप मिश्रा एवं अन्य लोगों ने फूल-मालाओं और अंगवस्त्र पहनाकर भव्य स्वागत किया।
मुकेश शर्मा ने कांवड़ यात्रियों से बातचीत कर उनकी सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने फल और फ्रूटी वितरित की तथा शिविर में भोजन, पेयजल, चिकित्सा और विश्राम की व्यवस्थाओं का अवलोकन किया। उन्होंने सेवा में जुटे कार्यकर्ताओं से भी व्यवस्थाओं की जानकारी ली।
उन्होंने कहा कि सामाजिक सरोकारों से युवाओं को जोड़ना समय की जरूरत है। युवाओं को अपनी ऊर्जा सकारात्मक कार्यों में लगाते हुए सेवा गतिविधियों में भागीदारी करनी चाहिए। मुकेश शर्मा ने कहा कि जरूरतमंद श्रद्धालुओं की सहायता करना समाज के प्रति जिम्मेदारी निभाने का एक महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने कांवड़ यात्रियों से यात्रा के दौरान संयम और अनुशासन बनाए रखने तथा यातायात नियमों का पालन करने की अपील की।
इस दौरान कार्यक्रम में समाजसेवी रिंकू सिंह राठौड़, भव्य वैद, आशीष शर्मा, शुभम आचार्य, वसुधा, दीपक, गोपाल यादव सहित बड़ी संख्या में सामाजिक कार्यकर्ता, उद्योग जगत से जुड़े लोग, गणमान्य नागरिक एवं शिवभक्त उपस्थित रहे।




