कांग्रेस पार्टी ने शुरू की लोकसभा चुनाव की तैयारियां

Listen to this article

*महाराष्ट्र से की गई शुरुआत: चार घंटे तक चली कांग्रेस आलाकमान की महाराष्ट्र कांग्रेस नेताओं के साथ बैठक

कांग्रेस पार्टी लोकसभा चुनाव की तैयारियों में जुट गई है। इसकी शुरुआत कांग्रेस पार्टी ने महाराष्ट्र से की है। मंगलवार को कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की अध्यक्षता मे हुई बैठक में पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी, कांग्रेस के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष नाना पटोले, प्रदेश प्रभारी एचके पाटिल, पूर्व मुख्यमंत्री पृथ्वीराज चव्हाण, अशोक चव्हाण, और वरिष्ठ नेता मुकुल वासनिक सहित कई अन्य नेता मौजूद रहे।

बैठक की तस्वीर ट्वीट के जरिए साझा करते हुए कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा कि भाजपा ने अपनी वॉशिंग मशीन का इस्तेमाल करके महाराष्ट्र के स्वाभिमान को ठेस पहुंचाने का काम किया है। महाराष्ट्र की जनता भाजपा द्वारा किए जनादेश पर लगातार हमलों का कड़ा राजनीतिक उत्तर देगी। कांग्रेस पार्टी के नेता और कार्यकर्ता, महाराष्ट्र की जनता को उसकी अपनी सरकार वापस दिलाएंगे। कांग्रेस पार्टी महाराष्ट्र की जनता के मन में अपनी जगह हमेशा से बनाए हुए है। महाराष्ट्र और कांग्रेस के गौरवशाली रिश्ते को हम और मजबूत करेंगे।

कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने फेसबुक पोस्ट में कहा कि महाराष्ट्र कांग्रेस पार्टी का गढ़ है। महाराष्ट्र में कांग्रेस पार्टी को मजबूत करना है। महाराष्ट्र में कांग्रेस पार्टी का ध्यान पार्टी को मजबूत करने और लोगों की आवाज उठाने पर केंद्रित है। हम मिलकर यह सुनिश्चित करेंगे कि महाराष्ट्र की सत्ता पर बैठी जनविरोधी सरकार की हार हो।

वहीं बैठक के उपरांत पत्रकारों से बातचीत में केसी वेणुगोपाल ने कहा कि कांग्रेस पार्टी पांच राज्यों में होने वाले विधानसभा चुनावों की तैयारियों की समीक्षा कर चुकी है। आज से कांग्रेस पार्टी ने महाराष्ट्र से लोकसभा चुनाव की तैयारी शुरू कर दी है। बैठक में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा कि महाराष्ट्र के नेता एकजुट होकर कांग्रेस को मजबूत करें। इस दौरान बैठक में राहुल गांधी ने महाराष्ट्र में भारत जोड़ो यात्रा के अपने अनुभव भी साझा किए और कहा कि महाराष्ट्र में ‘भारत जोड़ो यात्रा’ पूरे देश में सर्वश्रेष्ठ में से एक थी।

केसी वेणुगोपाल ने बताया कि कांग्रेस पार्टी एक वरिष्ठ नेता के नेतृत्व में सितंबर महीने से महाराष्ट्र के हर ज़िले में एक बड़ी पदयात्रा निकालेगी। नवंबर, दिसंबर में सभी नेताओं के साथ बस यात्रा भी निकाली जाएगी। महाराष्ट्र के प्रत्येक लोकसभा क्षेत्र की जिम्मेदारी वरिष्ठ नेताओं को दी जा रही है।

केसी वेणुगोपाल ने कहा कि भाजपा महाराष्ट्र में लोकतंत्र को खत्म करने की कोशिश कर रही है। भाजपा ईडी, सीबीआई, आईटी और पैसों के दम पर दलों को तोड़ने की कोशिश कर रही है। इसका भाजपा पर नकारात्मक प्रभाव पड़ेगा। महाराष्ट्र में जनता भाजपा को हराने के लिए तैयार बैठी है। कांग्रेस पार्टी महा विकास आघाडी गठबंधन में आगामी चुनाव लड़ेगी।

वहीं महाराष्ट्र कांग्रेस अध्यक्ष नाना पटोले ने कहा कि महाराष्ट्र 48 लोकसभा सीटों पर कांग्रेस पार्टी का काम शुरू हो चुका है। लेकिन जब भी कोई गठबंधन होगा तो साथी दलों को कांग्रेस पार्टी की ताकत मिलेगी। कांग्रेस को मानने वाला बड़ा वर्ग महाराष्ट्र में है। कांग्रेस पार्टी के साथ जो भी गठबंधन में दल होगा, उसको इसका फायदा मिलेगा। उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र कांग्रेस एक है और कोई भी पार्टी छोड़कर नहीं जाएगा। जब भी महाराष्ट्र में चुनाव आएंगे, कांग्रेस सबसे बड़ी पार्टी बनकर आएगी, क्योंकि कांग्रेस की जड़ें महाराष्ट्र में बड़े पैमाने पर हैं।

Print Friendly, PDF & Email

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *