कल(बुधवार) पूरे देश में नीट परीक्षा में हुए घोटाले के खिलाफ आम आदमी पार्टी करेगी प्रदर्शन
- जंतर-मंतर पर आम आदमी पार्टी के सांसद, विधायक और पार्षदों के साथ कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन कर नीट पेपर की प्रतियां जलाई
- नीट परीक्षा का रिजल्ट 14 जून को आना था, लेकिन लोकसभा चुनाव की मतगणना के दिन 4 जून को ही आ गया, ताकि घोटाला दब जाए- संजय सिंह
- यह मोदी सरकार का भ्रष्टाचार है, 24 लाख बच्चों के भविष्य के साथ खिलवाड़ हुआ है, परीक्षा रद्द कर आरोपियों को सख्त सजा दी जाए- संजय सिंह
- इस सरकार में हर पेपर लीकर हो रहा है, अग्निवीर लाकर युवाओं के पीठ में छुरा मारा जा रहा है, युवा कब तक खामोश रहेंगे?- संजय सिंह
- ‘‘आप’’ के सांसद संसद में भी नीट परीक्षा में हुए घोटाले का मुद्दा उठाकर पीड़ित युवाओं की लड़ाई लड़ेंगे- गोपाल राय
- ‘‘आप’’ छात्रों और उनके पैरेंट्स के साथ है, 19 जून को पूरे देश में हमारे कार्यकर्ता इस घोटाले के खिलाफ विरोध प्रदर्शन करेंगे- गोपाल राय
- देश के 24 लाख बच्चों के साथ बड़ा धोखा हुआ है, पहली बार नीट की परीक्षा में पैसे देकर अच्छी रैंक लेने की घटना सामने आई है- सौरभ भारद्धाज
- ‘‘आप’’ के मंच से एक पिता ने अपना दर्द बयां कर कहा, मेरी बेटी पिछले तीन वर्षों से इस घोटाले का शिकार हो रही है और अब वो परेशान हो चुकी है
नीट परीक्षा में हुए घोटाले के खिलाफ आम आदमी पार्टी ने मंगलवार को मोदी सरकार पर जबरदस्त हल्ला बोला। जंतर मंतर पर आयोजित प्रदर्शन में पार्टी के सांसद, विधायक और पार्षदों ने नीट पेपर की प्रतियां जलाकर केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और परीक्षा को रद्द करने की मांग की। इस दौरान एक छात्रा के पिता ने मंच पर आकर अपना दर्द बयां किया। उसने बताया कि उसकी बेटी पिछले तीन वर्षों से नीट परीक्षा में हो रहे घोटाले का शिकार हो रही है और अब वो परेशान हो चुकी है। इस घोटाले के शिकार लाखों छात्रों को न्याय दिलाने का भरोसा देते हुए ‘‘आप’’ ने कहा कि देश के युवाओं के भविष्य को बचाने की यह लड़ाई सड़क से लेकर संसद तक लड़ी जाएगी। संसद में हमारे सांसद नीट परीक्षा घोटाले का मुद्दा उठाएंगे और युवाओं न्याय दिलाने की मांग करेंगे। विरोध-प्रदर्शन में सांसद संजय सिंह, दिल्ली प्रदेश संयोजक एवं कैबिनेट मंत्री गोपाल राय व सौरभ भारद्वाज, राखी बिड़लान, संजीव झा समेत अन्य गणमान्य शामिल हुए। कल पूरे देश में आम आदमी पार्टी प्रदर्शन करेगी।
एनटीए ने भाजपा के नेताओं के साथ मिलकर लाखों बच्चों के भविष्य से खिड़वाड़ किया- संजय सिंह
इस दौरान सांसद संजय सिंह ने कहा कि यह नीट का एग्जाम मोदी सरकार का भ्रष्टाचार है। शिक्षा मंत्रालय और उसके अधीन आने वाले एनटीए ने भाजपा शासित राज्यों में उसके नेताओं के साथ मिलकर देश के लाखों बच्चों के भविष्य के साथ खिलवाड़ किया है। इसलिए हमारी मांग है कि यह नीट का एग्जाम रद्द होना चाहिए और दोबारा परीक्षा होना चाहिए। नीट के परिणाम 14 जून को आने थे, लेकिन इसे दस दिन पहले यानि 4 जून को ही जारी कर दिया गया। ताकि मीडिया चुनावी नतीजों में लगी रहे और भाजपा के पेपर लीक की चर्चा न हो। इसलिए एनटीए ने जानबूझकर 4 जून को नतीजे जारी किए। इस बात की जांच होनी चाहिए कि किन कारणों से 14 जून की जगह 4 जून को नीट के नतीजे जारी किए गए?
देश के युवाओं को अपनी आवाज उठानी होगी, कब तक युवा इन नकली सवालों में उलझे रहेंगे- संजय सिंह
संजय सिंह ने कहा कि देश में आए दिन एक के बाद एक पेपर लीक हो रहे हैं, अग्निवीर के नाम पर नौजवानों को ठगा जा रहा है। उत्तर प्रदेश में पुलिस भर्ती के नाम पर 60 लाख बच्चों का भविष्य बर्बाद हो गया। देश में पेपर लीक होने से 4 से 5 साल के अंदर करीब 2 करोड़ बच्चों का भविष्य बर्बाद हुआ है। इसके करीब 10 करोड़ लोगों का जीवन प्रभावित हुआ है। लेकिन चुनाव के समय जाति, धर्म और भाषा के नाम पर लड़ाकर लोगों से वोट लिया जाता है। देश के नौजवानों की बात नहीं होती। इस देश के नौजवानों और छात्रों को आगे आकर अपनी आवाज उठानी होगी। आज सड़क पर हमने आपकी आवाज बुलंद की है। 24 जून से संसद का सत्र शुरु होने जा रहा है और 27 जून से राज्यसभा का सत्र शुरु होगा। मैं देश के पीड़ित नौजवानों और छात्रों को भरोसा दिलाता हूं कि आम आदमी पार्टी के सांसद संसद में भी आपकी आवाज मजबूती से उठाएंगे। आप सभी अपने-अपने स्तर पर आवाज उठाइए। कब तक इन नकली सवालों में उलझे रहेंगे।
प्रधानमंत्री ने लोगों को नकली मुद्दों में उलझा कर देश को बर्बादी की कगार पर पहुंचा दिया- संजय सिंह
संजय सिंह ने कहा कि देश के प्रधानमंत्री जब चुनाव प्रचार के लिए जाते हैं तो कभी पेपर लीक की चर्चा नहीं करते हैं। वह केवल मुगल, मुसलमान, मटन, मछली, मंगलसूत्र और मुजरा की बात करते हैं। यह शर्म की बात है कि प्रधानमंत्री को देश के नौजवानों की चिंता नही है। आप देश के नौजवानों, किसानों, महंगाई और बेरोजगारी की चिंता करो, वरना अभी जनता ने आपको 240 पर पहुंचाया है, जल्द दी 2 सीटों पर लाकर खड़ा कर देगी। आपने देश को बर्बादी की कगार पर पहुंचा दिया और लोगों को नकली मुद्दों में उलझाए रखा। आज हम जंतर मंतर पर विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं, इससे पहले उत्तर प्रदेश के अलग-अलग जिलों में भी हमने प्रदर्शन किया था। बुधवार को भी आम आदमी पार्टी नीट घोटाले पर पूरे देश में विरोध प्रदर्शन कर रही है। हमारी मांग है कि एनटीए के जिन अधिकारियों ने राज्य सरकारों के साथ मिलकर घोटाला किया है। उनको सख्त सजा मिलनी चाहिए, ताकि आगे भी सबको सबक मिले कि नौजवानों के भविष्य के साथ खिलवाड़ करने का क्या नतीजा होता है।
केंद्र सरकार लीपापोती में जुटी है और केंद्रीय शिक्षा मंत्री इस घोटाले को स्वीकार करने के लिए तैयार नहीं हैं- गोपाल राय
‘‘आप’’ के दिल्ली प्रदेश संयोजक गोपाल राय ने कहा कि देश के लाखों बेटे-बेटियां जो अपने सुनहरे भविष्य के लिए सालों से परीक्षा की तैयारी कर रहे थे, लेकिन आज वे बच्चे और उनके माता-पिता निराश हैं। भाजपा के 10 साल के शासन में आए दिन हरियाणा, यूपी, बिहार और राजस्थान से पेपर लीक की खबरें आती रहीं है। भाजपा के नेताओं के संरक्षण में नीट परीक्षा में घोटाले से साफ है कि वो जनता के जनादेश के सबक लेने के लिए तैयार नहीं हैं। उन्होंने कहा कि देश युवा और उनके मां-बाप सड़कों पर उतर कर इस घोटाले की जांच की मांग और दोबारा परीक्षा कराने की मांग कर रहे हैं। वहीं, केंद्र सरकार इस घोटाले पर लीपापोती कर रही है। देश के शिक्षा मंत्री इस घोटाले को स्वीकार करने के लिए तैयार नहीं हैं। नीट परीक्षा में घोटाले की लड़ाई केवल देश के नौजवान, छात्रों और उनके मां-बाप की नहीं है, बल्कि यह देश के भविष्य और आगे कोई पेपर लीक होने से बचाने की लड़ाई है। अगर हर परीक्षा में पेपर लीक होगा तो युवाओं के रोजगार और भविष्य का क्या होगा?
जब तक नीट परीक्षा में हुए घोटाले की जांच नहीं होगी, हमारी लड़ाई जारी रहेगी- गोपाल राय
गोपाल राय ने जंतर-मंतर से देश के सभी छात्रों और उनके माता-पिता को संदेश देते हुए कहा कि कि आज हम इस तपती धूप में जंतर-मंतर पर इसलिए इकट्ठा हुए हैं, ताकि देश के नौजवानों, छात्रों और उनके मां-बाप को यह संदेश दे सकें कि आम आदमी पार्टी आपकी यह लड़ाई सड़क से लेकर संसद तक लड़ेगी। आज हम यहां सड़क पर इकट्ठा हुए हैं। बुधवार को पूरे देश में आम आदमी पार्टी के लोग सड़क पर उतर रहे हैं। अब संसद सत्र शुरु हो रहा है। संसद सत्र शुरु होने के बाद संजय सिहं के नेतृत्व में हमारे सांसद संसद के अंदर भी इन छात्रों की लड़ाई को लड़ेंगे। आम आदमी पार्टी हर क्षण देश के नौजवानों, छात्रों और उनके मां-बाप की लड़ाई में उनके साथ है। जब तक इस घोटाले की जांच नहीं होती, हम इस लड़ाई को जारी रखेंगे।
नीट परीक्षा के प्रश्न पत्र के लिए छात्रों से 30 से 50 लाख रुपए लिए गए- सौरभ भारद्वाज
सौरभ भारद्वाज ने कहा कि देश के 24 लाख बच्चों के साथ बहुत बड़ा धोखा हुआ है। एमबीबीएस कोर्स में एडमिशन पाने के लिए 12वीं के बच्चे प्री-मेडिकल नीट एग्जाम देते हैं। नीट की परीक्षा देश के प्रतिष्ठित परीक्षाओं में गिना जाता है। इससे पहले कभी ऐसा नहीं सुना गया कि पैसे देकर पीएमटी एग्जाम में अच्छे नंबर ला सकते हैं। हालांकि ये सुनने में जरूर आता था कि आप पैसे देकर प्राइवेट कॉलेज में सीट या मेनेजमेंट कोटा ले सकते हैं, लेकिन नीट के एग्जाम में पैसे देकर अच्छी रैंक लेने की घटना भारत मे पहले कभी नहीं सुनी गई। पिछले कुछ दिनों से लगातार गुजरात के गोधरा, बिहार के पटना और उत्तर प्रदेश से परीक्षा में बड़े घोटाले की खबर आ आ रही है। 5 मई को होने वाले नीट एग्जाम से एक दिन पहले 4 मई को आस-पास के राज्यों से बच्चों को पटना के एक सेफ हाउस में लाया गया। वहां पहले उनके फोन ले लिए गए, ताकि यह बात बाहर न जाए और उन्हें 1 दिन पहले प्रश्न पत्र देकर उनकी तैयारी करवाई गई। अगले दिन उन बच्चों को अपनी गाड़ियों में बैठाकर एग्जाम सेंटर ले जाकर एग्जाम दिलाया गया। बाद में उनमें से कई बच्चे नीट एग्जाम पास कर गए। यह बात बिहार पुलिस ने कही है। नीट के प्रश्न पत्र के लिए छात्रों से 30 से 50 लाख रुपए लिए गए।
केंद्र सरकार सुप्रीम कोर्ट की निगरानी में नीट परीक्षा में हुए घोटाले की जांच कराए- सौरभ भारद्वाज
सौरभ भारद्वाज ने कहा कि गुजरात के गोधरा में इससे भी एक कदम आगे बढ़कर घोटाला हुआ। यहां एग्जाम सेंटर के डिप्टी सुप्रीटेंडेंट खुद इस भ्रष्टाचार में शामिल थे। उन्होंने जिन-जिन बच्चों के मां-बाप से पैसे लिए थे, उन्हें कहा कि सवाल न आने पर वह आंसर शीट खाली छोड़ देना। ताकि बाद में टीचर उनके सही जवाब भर कर दे दें। हमारा मानना है कि केंद्र सरकार सब कुछ जानते हुए भी इतने बड़े भ्रष्टाचार को दिन-रात छिपाने की कोशिश कर रही है। हमारी मांग है कि केंद्र सरकार अपनी जिम्मेदारी सुप्रीम कोर्ट पर न डाले। जो काम सरकार को करना चाहिए, उसे बार-बार सुप्रीम कोर्ट पर क्यों थोपा जा रहा है? जांच कराना सरकार का काम है। लेकिन जब केंद्र सरकार ने ऐसा नहीं किया, तब जाकर छात्रों को सुप्रीम कोर्ट जाना पड़ा। जब केंद्र सरकार इस भ्रष्टाचार को छिपाने की कोशिश कर रही थी, तब लोगों को न्याय पाने के लिए सुप्रीम कोर्ट जाना पड़ा। हमारा मांग है कि केंद्र सरकार इसकी जांच कराए। यह जांच सुप्रीम कोर्ट की निगरानी में हो ताकि सारा मामला दूध का दूध और पानी का पानी हो।
केंद्र में बैठी अनपढ़ नेताओं की सरकार को युवाओं के भविष्य की चिंता नहीं- राखी बिड़लान
‘‘आप’’ की विधायक एवं दिल्ली विधानसभा की उपाध्यक्ष राखी बिड़ला ने कहा कि मोदी सरकार ने हर चीज में घोटाला किया है। बड़े शर्म की बात है कि देश के शिक्षा मंत्री इसे सामान्य सी घटना बता रहे हैं। सुप्रीम कोर्ट ने भी इस मामले पर टिप्पणी की है और आज देश भर में लोग इसकी चर्चा कर रहे हैं। आज केंद्र में बैठी अनपढ़ नेताओं की सरकार को देश के नौजवानों के भविष्य की बिल्कुल चिंता नहीं है। साल भर मेहनत से परीक्षा की तैयारी करने वाले बच्चे और मां-बाप इस भ्रष्टाचार का शिकार हो रहे हैं। आज दिल्ली में अरविंद केजरीवाल की शिक्षा नीति से दिल्ली के सरकारी स्कूल में पढ़ने वाले बच्चों के शानदार रिजल्ट आ रहे हैं। उनके सपने पूरे हो रहे हैं। केंद्र सरकार को अरविंद केजरीवाल से सीखना चाहिए और जल्द से जल्द इसकी जांच करके दोषियों को सजा देनी चाहिए।
नीट परीक्षा में हुए घोटाले की शिकार छात्रा के पिता ने ‘‘आप’’ के मंच से सुनाया अपना दर्द
इस दौरान नीट परीक्षा में हुए घोटाले की शिकार एक छात्रा के पिता जितेंद्र कुमार ने आम आदमी पार्टी के मंच से अपना दर्द सुनाया। बिहार निवासी जितेंद्र कुमार ने बताया कि मेरी बेटी के साथ तीन साल से लगातार नीट परीक्षा में घोटाला हो रहा है। 2020 की परीक्षा में उसे 300 से ज्यादा अंक मिले थे। हमने सोचा कि अगले साल इससे और अच्छा अंक आएंगे। लेकिन 2021 में मेरी बेटी को मात्र 11 अंक मिले। उस समय ओएमआर शीट पर मां के नाम में ओवर राइटिंग दिखी, रोल नंबर में भी अंतर दिखा और जितने सवालों के जवाब उसने दिए थे वो भी वहां पर नहीं दिख रहा था। वही, घटना बिहार के सेंटर में भी हुआ। इसके अगले साल हमने अपना सेंटर पश्चिम बंगाल डाला। लेकिन वहां पर भी ओएमआर शीट पर मां-बाप के नाम में ओवर राइटिंग दिखी और हल किए गए सवालों में भी गड़बड़ी दिखी और उस बार भी बेटी के 11 नंबर आए। मेरे पास सारे टेम्परिंग के सबूत हैं। 2022 में मेरी बेटी डिप्रेशन में चली गई। हमने किसी तरह उसके जीवन को बचाया है। फिर 2023 में भी हमने एक बार फिर उसको परीक्षा देने के लिए कहा लेकिन इस बार भी वही हाल हुआ और फिर से उसका 11 नंबर आया। 2023 का ओएमआर शीट बिल्कुल ठीक था, अटेंप्ट क्वेश्चन को मिटा दिया गया था। बेटी ने जिसके जवाब नहीं दिए, उसको दिखाया गया था। इसका मतलब हमारे ओएमआर का एक्सेस एनटीए के पास भी है। मैं सारे डॉक्यूमेंट यहां दूंगा और चाहूंगा कि आगे इस देश के भविष्य के लिए जो बच्चे परीक्षा दे रहे हैं, उनको ओएमआर की कॉपी दी जाए और अधीक्षक वहां साइन करें। सीएचएस के एग्जाम में लाखों बच्चे शामिल होते हैं और उनको भी ओएमआर की कॉपी दी जाती है। मेरी यही विनती है कि संसद में इस बात को उठाया जाए।



