Listen to this article

दिल्ली के विकास पुरी स्थित श्री राम हॉस्पिटल में अत्याधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित ‘श्री राम हार्ट सेंटर’ का भव्य शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर संस्था की सामाजिक पहल ‘एक काम देश के नाम’ के अंतर्गत OPD on Wheels द्वारा आयोजित 400 निःशुल्क स्वास्थ्य शिविरों की ऐतिहासिक उपलब्धि का भी उत्सव मनाया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथियों में केंद्रीय राज्य मंत्री एवं दिल्ली भाजपा अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा, पश्चिमी दिल्ली से सांसद कमलजीत सहरावत, दिल्ली सरकार के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. पंकज सिंह, दिल्ली विकास प्राधिकरण (DDA) के सदस्य राजीव बब्बर तथा पार्षद हरीश ओबेरॉय विशेष रूप से उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर एवं फीता काटकर हार्ट सेंटर का उद्घाटन किया।
इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि आधुनिक स्वास्थ्य सेवाओं को आम नागरिकों तक सुलभ और किफायती रूप में पहुंचाना समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। उन्होंने श्री राम हॉस्पिटल द्वारा स्वास्थ्य सेवा और सामाजिक दायित्व के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि संस्थान ने चिकित्सा सेवा को समाज सेवा का माध्यम बनाया है।
नवनिर्मित श्री राम हार्ट सेंटर में 24×7 एंजियोग्राफी एवं एंजियोप्लास्टी की अत्याधुनिक सुविधाएं उपलब्ध रहेंगी। अनुभवी कार्डियोलॉजिस्ट, आधुनिक कैथ लैब तथा आपातकालीन हृदय उपचार की सुविधाओं से यह केंद्र पश्चिमी दिल्ली और आसपास के क्षेत्रों के मरीजों के लिए अत्यंत लाभकारी सिद्ध होगा। इससे गंभीर हृदय रोगियों को समय पर उपचार उपलब्ध कराने में बड़ी सहायता मिलेगी।
कार्यक्रम के दौरान संस्था की मोबाइल स्वास्थ्य सेवा OPD on Wheels की उपलब्धियों को भी साझा किया गया। बताया गया कि अब तक 400 निःशुल्क स्वास्थ्य शिविरों के माध्यम से 16,000 से अधिक मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण एवं उपचार किया जा चुका है, जबकि 80 से अधिक गंभीर मरीजों को समय पर रेफर कर उनका जीवन बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई गई है। यह अभियान लगातार दूर-दराज़ और जरूरतमंद क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने का कार्य कर रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *