*दिल्ली की लोकतांत्रिक यात्रा में बदलाव के लिए विद्यार्थी करेंगे दूत का काम – श्री पी कृष्णमूर्ति
*चुनावी भागीदारी को बढ़ावा देने के लिए स्कूलों में ‘संकल्प पत्र’ नामक एक अभिनव पहल की शुरुवात
*बड़े पैमाने पर प्रचार: दिल्ली में 5,000 से अधिक स्कूल चुनावी जागरूकता अभियान के लिए तैयार
*’संकल्प पत्र’ पहल का उद्देश्य लगभग 50 लाख अभिभावकों को मतदान के लिए प्रेरित करना है
मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय, दिल्ली चुनावी प्रक्रिया में अभिभावकों की भागीदारी बढ़ाने के लिए “संकल्प पत्र” नामक एक अभिनव पहल शुरू करने जा रहा है। इस पहल के तहत, छात्र अपने अभिभावकों को शपथ पत्र वितरित करेंगे, जिससे उन्हें आगामी लोकसभा चुनाव 2024 में अपने मताधिकार का प्रयोग करने के लिए प्रोत्साहित किया जा सके। ये शपथ पत्र एक नैतिक प्रेरणा के रूप में काम करेंगे, जिससे अभिभावकों को मतदान करने का आग्रह किया जा सकेगा। हस्ताक्षरित शपथ पत्रों का समय पर वितरण और संग्रह स्कूल प्रशासन द्वारा सुगम बनाया जाएगा, जिससे व्यापक भागीदारी सुनिश्चित होगी। इस पहल का उद्देश्य लगभग 50 लाख माता-पिता को मतदाता के रूप में अपने बच्चों से वादा करते हुए वोट डालने के लिए प्रेरित करना है।
दिल्ली के 5,000 से अधिक स्कूलों में लगभग 25-28 लाख छात्र नामांकित हैं, ‘संकल्प पत्र’ पहल से चुनावी भागीदारी और लोकतांत्रिक चेतना पर महत्वपूर्ण प्रभाव डालने में मदद मिलेगी ।
दिल्ली के मुख्य निर्वाचन अधिकारी, श्री पी कृष्णमूर्ति ने राष्ट्र के भविष्य के पथप्रदर्शक के रूप में स्कूली छात्रों के गहन महत्व को दोहराया। जीवंत लोकतंत्र के मूल्यों को प्रदान करने की आवश्यकता पर जोर देते हुए, उन्होंने राष्ट्र के भाग्य को आकार देने में चुनावों की भूमिका को रेखांकित किया। दिवाली के दौरान पटाखों के उपयोग पर अंकुश लगाने जैसी पहलों में छात्रों की सक्रिय भागीदारी की सराहना करते हुए, श्री पी कृष्णमूर्ति ने छात्रों की अपने परिवारों और समुदायों में बदलाव के उत्प्रेरक रूप में क्षमता पर प्रकाश डाला।
इन पहलों के कार्यान्वयन की देखरेख के लिए एक ठोस प्रयास में, शिक्षा निदेशालय, एनडीएमसी और एमसीडी गतिविधियों की निगरानी करने और मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय को नियमित अपडेट प्रदान करने के लिए अपने यहाँ नोडल अधिकारी नियुक्त करेंगे।
दिल्ली के मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने इस विचार को आगे बढ़ाने के लिए दिल्ली के निदेशक (शिक्षा), एनडीएमसी और एमसीडी के निदेशक (शिक्षा) के साथ बैठक की और इन विभागों के समर्थन और सहयोग से इस पहल को शुरू किया गया।
दिल्ली के मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने छात्रों, अभिभावकों और शिक्षकों सहित सभी हितधारकों से इन पहलों में सक्रिय रूप से भाग लेने और लोकतांत्रिक प्रक्रिया की पवित्रता को बनाए रखने का आग्रह किया।



