अपराध शाखा द्वारा अंतरराज्यीय ड्रग्स तस्कर गिरोह का पर्दाफाश

Listen to this article

 05 आरोपी गिरफ्तार
 25 किलो उच्च गुणवत्ता वाला गांजा जब्त
परिचय:
माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत सरकार नशे के खिलाफ ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति पर जोर-शोर से कार्य कर रही है । माननीय केंद्रीय गृह मंत्री श्री अमित शाह ने ड्रग्स के खतरे को जड़ से खत्म करने के लिए दिल्ली पुलिस को अंतरराज्यीय व अंतर्राष्ट्रीय ड्रग तस्करों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्यवाही करने का निर्देश दिया है। पुलिस आयुक्त श्री संजय अरोड़ा के मार्गदर्शन में दिल्ली पुलिस द्वारा इस नीति को लागू किया जा रहा है।
ड्रग्स तस्करी पर नकेल कसने के लिए क्राइम ब्रांच सहित दिल्ली पुलिस की अन्य इकाइयों व जिलों द्वारा विभिन्न अभियान चलाए जा रहे हैं।
हाल ही में, पश्चिमी रेंज-I, क्राइम ब्रांच ने “नशा मुक्त भारत अभियान” के तहत कार्यवाही करते हुए 05 आरोपी व्यक्तियों को गिरफ्तार किया है, जो दिल्ली/एनसीआर क्षेत्र में ड्रग्स तस्करी में संलिप्त थे | उनके कब्जे से कुल 25 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया है । इस सदर्भ में प्राथमिकी संख्या 290/2023, धारा 20/29 एनडीपीएस एक्ट, थाना क्राइम ब्रांच, दिल्ली दर्ज की गयी है |
जानकारी, टीम और संचालन:
पश्चिमी रेंज-I/अपराध शाखा टीम द्वारा ड्रग्स तस्करी का पर्दाफाश करने के लिए विशेष रूप से पश्चिम व बाहरी जिले के क्षेत्रों में कठिन प्रयास किए गए | तकनिकी के साथ-साथ मैनुअल निगरानी के जरिये संदिग्धों के खिलाफ खुफिया जानकारी एकत्रित की गयी और दिल्ली/एनसीआर क्षेत्र में ड्रग्स तस्करी में लिप्त 05 आरोपी व्यक्तियों को सफलतापूर्वक गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 25 किलो उच्च गुणवत्ता वाला गांजा बरामद किया गया |
प्रधान सिपाही रामनिवास को गुप्त सूचना मिली कि ड्रग गिरोह का एक सदस्य उच्च गुणवत्ता वाली भांग का बड़ा खेप ओडिशा से गांधी विहार, दिल्ली के इलाके में पहुंचाने के लिए आने वाला है। यदि समय पर कार्यवाही की जाए तो उसे प्रतिबंधित पदार्थों के साथ पकड़ा जा सकता है।
तदानुसार, ड्रग तस्कर को पकड़ने व रैकेट का पर्दाफाश करने हेतु उपायुक्त सतीश कुमार द्वारा सहायक आयुक्त यशपाल की देखरेख में व निरीक्षक सतीश के नेतृत्व में एक टीम का गठन किया गया | जिसमे उप-निरीक्षक राजाराम, उप-निरीक्षक राकेश, सहायक उप-निरीक्षक रणधीर, सहायक उप-निरीक्षक आदित्य, प्रधान सिपाही रामनिवास, प्रधान सिपाही विनोद और महिला सहायक उप-निरीक्षक नरेंदर डोगरा शामिल थे |
मिली सूचना के अनुसार टीम द्वारा गांधी विहार, दिल्ली के इलाके में जाल बिछाया गया और आरोपी हर्षवर्धन, उम्र 19 वर्ष, को 22.786 किलोग्राम गांजा की बरामदगी के साथ गिरफ्तार किया गया। इस सन्दर्भ में थाना अपराध शाखा, दिल्ली में मामला दर्ज किया गया था।
पूछताछ:
पूछताछ के दौरान पता चला है कि आरोपी हर्षवर्धन ने आसानी से पैसा कमाने के लिए दिल्ली/एनसीआर के इलाके में उच्च गुणवत्ता वाले गांजे की आपूर्ति का नेटवर्क खड़ा किया है। वह दिल्ली के विभिन्न क्षेत्रों में ऐसे ग्राहक बनाता है जो नियमित रूप से उससे गांजा खरीद सकें। अपने अवैध कारोबार को बढ़ाने के लिए उसने ओडिशा में दौरा किया और गांजा के अन्य स्रोत व आपूर्ति का पता लगाया | इसके बाद, वह गांजा खरीदने के लिए नियमित रूप से (प्रति माह दो बार-तीन बार) भुवनेश्वर, ओडिशा जाने लगा और पिछले 5-6 महीनों से दिल्ली में इसकी आपूर्ति कर रहा था।
आगे की जांच के दौरान, आरोपी हर्षवर्धन की निशानदेही पर बिश्वजीत महापात्रा @ डीजे, उम्र 23 वर्ष, निवासी वीपीओ गोदीशाई, बोडापाड़ा, जिला नयागढ़, ओडिशा को गिरफ्तार किया गया। इसके अलावा 03 खरीदारों (1) रमेश कुमार शर्मा @ सोनू, उम्र 45 वर्ष, निवासी गुरुनानक नगर, तिलक नगर दिल्ली (2) अमित कुमार तिवारी @ जाम, उम्र 29 वर्ष, निवासी ट्रांजिट कैंप, रघुबीर नगर, दिल्ली और (3) अरुल पांडियन, उम्र 25 वर्ष, निवासी जल विहार, लाजपत नगर, दिल्ली को भी गिरफ्तार किया गया। वे आरोपी हर्षवर्धन से गांजा खरीद कर मजदूरों, दैनिक मजदूरों जैसे ऑटो/ई रिक्शा चालकों, निर्माण श्रमिकों आदि को बेचते हैं।
बरामदगी:
• 25 किलो उच्च गुणवत्ता वाला गांजा
आरोपी व्यक्तियों की प्रोफाइल:

  1. आरोपी हर्षवर्धन, उम्र 19 वर्ष, निवासी गांधी विहार, गोपालपुर, दिल्ली ने केवल 12 वीं कक्षा तक पढ़ाई की है। आसानी से पैसा कमाने के लिए वह ओडिशा से गांजा खरीदता था और दिल्ली के विभिन्न हिस्सों में इसकी आपूर्ति करता था। वह इस अवैध ड्रग कारोबार का मुख्य सरगना है।
  2. आरोपी बिश्वजीत महापात्रा @ डीजे, उम्र 23 वर्ष, निवासी वीपीओ गोदीशाई, बोडापाड़ा, जिला नयागढ़, ओडिशा ने केवल 8 वीं कक्षा तक पढ़ाई की है। वह हर्षवर्धन के पास से बरामद गांजा का स्रोत है।
  3. आरोपी रमेश कुमार शर्मा @ सोनू, उम्र 45 वर्ष, निवासी गुरुनानक नगर, तिलक नगर, दिल्ली ने केवल 10 वीं कक्षा तक पढ़ाई की है। आसानी से पैसा कमाने के लिए वह ड्रग तस्कर गिरोह में शामिल हो गया और एक एजेंट के रूप में काम कर रहा था।
  4. आरोपी अमित कुमार तिवारी @ जाम, उम्र 29 वर्ष, निवासी ट्रांजिट कैंप, रघुबीर नगर, दिल्ली स्नातक है। आसानी से पैसा कमाने के लिए, वह गांजा खरीद कर आगे इसे मजदूरों, दैनिक मजदूरों जैसे ऑटो/ई रिक्शा चालकों, निर्माण श्रमिकों आदि को बेचता था |
  5. आरोपी अरुल पांडियन, उम्र 25 साल, निवासी मद्राशी कैंप, जल विहार, लाजपत नगर, दिल्ली ने प्राथमिक शिक्षा तक पढाई की है। आसानी से पैसा कमाने के लिए वह ड्रग तस्करी गिरोह में संलिप्त हो गया और गांजा खरीदार के रूप में काम करने लगा ।
Print Friendly, PDF & Email

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *