दिल्ली की प्रसिद्ध समकालीन टेक्सटाइल कलाकार और NIFT स्नातक गरिमा गोयल की एकल टेक्सटाइल कला प्रदर्शनी “वॉयज विदिन एंड बियॉन्ड” का आयोजन 12 से 16 सितंबर 2026 तक विजुअल आर्ट्स गैलरी, इंडिया हैबिटेट सेंटर, लोधी रोड, नई दिल्ली में किया जा रहा है। प्रदर्शनी प्रतिदिन सुबह 10:30 बजे से शाम 7:00 बजे तक दर्शकों के लिए खुली है।
प्रदर्शनी का उद्घाटन 12 सितंबर को मुख्य अतिथि त्रिपुरा सरकार की सचिव, आईएएस अधिकारी मैडम सोनल गोयल ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। उन्होंने कलाकृतियों की सराहना करते हुए कहा कि इनमें विचार, धैर्य और अथक परिश्रम की अनूठी छाप दिखती है।
इस अवसर पर प्रमुख होटल व्यवसायी, कला संग्राहक, उद्योगपति, कला प्रेमी और शुभचिंतक उपस्थित रहे। सभी ने रंग, बनावट और आकार के विशिष्ट प्रयोग की प्रशंसा की। दिल्ली में 12-13 सितंबर को ब्रिक्स शिखर सम्मेलन के बावजूद प्रदर्शनी में दर्शकों की निरंतर आवाजाही बनी रही।
हाल ही में गरिमा को ऑस्ट्रेलियन हाई कमीशन, नई दिल्ली में द वूलमार्क कंपनी के ‘द मेरिनो सर्कल 2026’ के तहत अपनी कलाकृतियों को प्रदर्शित करने का अवसर मिला, जहाँ उनकी रचनाओं को खूब सराहा गया।
गरिमा की कला का केंद्र ऊन है। वे ऊन को एक ऑर्गेनिक और इको-फ्रेंडली माध्यम के रूप में इस्तेमाल कर उसे परतों, रंगों और बनावट के जरिए समकालीन कलाकृतियों, टेपेस्ट्री, टेक्सटाइल स्कल्पचर, ज्वेलरी और फंक्शनल आर्ट में बदलती हैं।
प्रदर्शनी का शीर्षक “वॉयज विदिन एंड बियॉन्ड” भीतर से बाहर की यात्रा को दर्शाता है – अपनापन, परिवर्तन, स्थिरता और विस्तार की अनुभूति। दिल्ली पब्लिक स्कूल से शिक्षित गरिमा ने अपने माता-पिता और शुभचिंतकों को अपनी इस यात्रा का आधार बताया है।
