प्रचंड जीत के लिए राहुल-प्रियंका ने वायनाड का आभार जताया

Listen to this article

*सांसद बनने के बाद पहली बार वायनाड पहुंचीं प्रियंका, राहुल के साथ किया जनता का धन्यवाद  

*राहुल बोले- प्रधानमंत्री के पास मीडिया, पैसा, एजेंसियां और पूरी सरकार है; कांग्रेस के पास लोगों का समर्थन

*प्रियंका बोलीं- वायनाड की जनता के लिए मजबूत, बेहतर भविष्य बनाने की कोशिश में कोई कसर नहीं छोडूंगी 

लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने आज वायनाड के मुक्कम पहुंचकर वायनाड लोकसभा उपचुनाव में कांग्रेस को प्रचंड जीत दिलाने पर जनता को धन्यवाद दिया। इसके उपरांत उन्होंने नीलांबुर, वंदूर और एरानाड में भी लोगों का धन्यवाद किया। वायनाड से सांसद चुने जाने के बाद क्षेत्र में प्रियंका गांधी का यह पहला दौरा था। 

जनसभा को संबोधित करते हुए राहुल गांधी ने मुंडक्कई और चूरलमाला भूस्खलन के मृतकों को श्रद्धांजलि दी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस उन लोगों के साथ खड़ी है, जिन्होंने अपने परिवार के सदस्यों, संपत्ति को खो दिया है। कांग्रेस पार्टी और यूडीएफ पीड़ितों की मदद के लिए सरकार पर दबाव डालेंगे। 

वरिष्ठ कांग्रेस नेता ने अपने संबोधन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा पर भी जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि भाजपा के खिलाफ उनकी वैचारिक लड़ाई है। कांग्रेस भावनाओं, संवेदनाओं, स्नेह और प्रेम की बात करती है जबकि भाजपा नफरत, क्रोध, विभाजन और हिंसा को बढ़ावा देती है। कांग्रेस लोगों की बात सुनने और विनम्रता के महत्व पर जोर देती है, जबकि भाजपा अहंकारी व्यवहार करती है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस द्वारा संविधान की रक्षा के लिए लड़ाई लड़ी जा रही है। संविधान में कहा गया है कि सभी लोगों के साथ समान व्यवहार किया जाना चाहिए। हालांकि, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का कहना है कि अडानी के साथ बाकी देशवासियों से अलग व्यवहार किया जाएगा। देश का संविधान सभी लोगों, क्षेत्रों और राज्यों के साथ निष्पक्ष व्यवहार की बात कहता है। फिर भी प्रधानमंत्री मोदी ने त्रासदी झेलने वाले वायनाड को सहायता नहीं दी। प्रधानमंत्री के पास मीडिया, पैसा, खुफिया एजेंसियां, सीबीआई, ईडी और आयकर विभाग सहित पूरी सरकार है, वहीं कांग्रेस के पास लोगों का समर्थन है। उन्होंने विश्वास जताया कि कांग्रेस, भाजपा की विचारधारा को हराएगी।

वहीं प्रियंका गांधी ने अपने भावनात्मक संबोधन में कहा कि सांसद बनाने के लिए वह वायनाड की जनता को तहे दिल से धन्यवाद देती हैं। यह उनका पहला चुनाव था। उन्हें वायनाड का हर एक व्यक्ति याद है, जिसने प्रचार के दौरान उनका स्वागत किया और अपना स्नेह दिखाया।उन्होंने कहा कि वह वायनाड की जनता की आवाज को मजबूती से उठाएंगी और उनकी समस्याओं को हल करने के लिए अथक प्रयास करेंगी। उन्होंने कहा कि उनके कार्यालय और घर के दरवाजे जनता के लिए हमेशा खुले हैं। वह वायनाड की जनता के लिए मजबूत, बेहतर भविष्य बनाने की कोशिश में कोई कसर नहीं छोड़ेंगी। उन्होंने यूडीएफ के सभी नेताओं और कार्यकर्ताओं को भी उनके समर्थन के लिए धन्यवाद दिया। 

वायनाड सांसद ने मुंडक्कई और चूरलमाला में हुए भूस्खलन का भी जिक्र किया। इस दौरान उन्होंने केंद्र सरकार पर संस्थाओं को नष्ट करने का आरोप लगाया। प्रियंका गांधी ने कहा कि हमारी लड़ाई संविधान के बुनियादी मूल्यों के लिए है। उन्होंने वायनाड के स्थानीय मुद्दों जैसे रात्रि-प्रतिबंध, मानव-पशु संघर्ष, स्वास्थ्य सेवाओं और बेहतर शिक्षा की आवश्यकता का भी उल्लेख किया। 

इस दौरान कांग्रेस के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल, वीडी सतीसन, मुरलीधरन समेत अन्य वरिष्ठ नेता मौजूद थे।

Print Friendly, PDF & Email

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *